अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के सरकारी मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई और सेहत को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने नई तैयारी की है। राज्य के सभी मॉडल स्कूलों में अब हर हफ्ते बच्चों का यूनिट टेस्ट लिया जाएगा। यह परीक्षा हर मंगलवार को अलग-अलग विषयों के लिए होगी। शिक्षक इस टेस्ट की कॉपियों को हफ्ते भर में जांचेंगे और हर शनिवार को बच्चों का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। इससे बच्चों की कमजोरियों को समय रहते पहचानकर उनमें सुधार किया जा सकेगा।
सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत राज्य भर में 700 मॉडल स्कूल यानी सरस्वती विद्या निकेतन संचालित किए जा रहे हैं। इन स्कूलों में बच्चों को सामान्य पढ़ाई के अलावा जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग भी दी जा रही है। स्कूलों की रोजमर्रा की गतिविधियों और उपस्थिति की निगरानी के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर हर दिन रिपोर्ट दर्ज की जा रही है, ताकि व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।
मैदान में पसीना बहाएंगे छात्र, बनेंगे स्पोर्ट्स क्लब
किताबी ज्ञान के साथ-साथ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए विभाग ने खेल कैलेंडर का पालन करना जरूरी कर दिया है। इसके तहत हर मॉडल स्कूल में स्पोर्ट्स और एथलीट क्लब बनाए जाएंगे। इन क्लबों के जरिए बच्चों को हाई जंप, लॉन्ग जंप और दूसरे मैदानी खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेल गतिविधियों को सही ढंग से चलाने के लिए स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के लिए एक दिन की खास कार्यशाला भी आयोजित होगी। खेल और पढ़ाई का कैलेंडर ठीक से लागू हो, इसके लिए अधिकारियों को स्कूलों के नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कक्षाओं में अनुशासन बनाए रखने के लिए हर क्लास में मॉनिटर भी चुने जाएंगे।
शिक्षकों की मेहनत का भी होगा सम्मान
शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए केवल छात्रों पर ही नहीं, बल्कि शिक्षकों के काम पर भी ध्यान दिया जा रहा है। स्कूलों में बेहतर लगन और नए तरीकों से पढ़ाने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘टीचर ऑफ द मंथ’ का पुरस्कार दिया जाएगा। इस पहल का मकसद शिक्षकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। विभाग का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं, साप्ताहिक जांच और खेलकूद के सही तालमेल से सरकारी स्कूलों के बच्चों को आगे बढ़ने का बेहतर माहौल मिल सकेगा।
इसे भी पढ़ें : बिहार के 700 मॉडल स्कूलों की एक साथ जांच, हर हफ्ते क्लास लेंगे नोडल अफसर



