अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : महेशपुर थाना क्षेत्र के मालधाड़ा गांव के पास बुधवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पास के पहाड़ पर एक महिला और उसकी करीब डेढ़ माह की मासूम बच्ची के शव संदिग्ध हालत में मिले। दोनों के शव लगभग दो दिन पुराने और सड़ी-गली हालत में थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मां और बच्ची के शव एक ही रस्सी के सहारे पेड़ और जमीन के बीच संदिग्ध स्थिति में पाए गए। इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग हत्या की आशंका जताने लगे हैं।
जंगल में चरवाहों ने देखा खौफनाक मंजर
मृतका की पहचान अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के उदलबनी गांव की रहने वाली 26 वर्षीय होपोन्टी बेसरा के रूप में की गई है। वह अपनी डेढ़ महीने की नवजात बेटी के साथ थी। बुधवार की देर शाम जब कुछ स्थानीय लोग और चरवाहे पहाड़ की तरफ गए, तो उन्होंने पेड़ के पास दोनों शवों को देखा। खबर तेजी से आसपास के इलाकों में फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। एक साथ मां और दुधमुंही बच्ची की इस हाल में मौत देखकर हर कोई सन्न रह गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाने में जुटी टीम
घटना की जानकारी मिलते ही महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा और सब-इंस्पेक्टर दीपक कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल की घेराबंदी की और बारीकी से मुआयना किया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी। फॉरेंसिक और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस की टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। इसके साथ ही आसपास के लोगों और राहगीरों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि महिला को आखिरी बार किसके साथ और कब देखा गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि फिलहाल मौत की सही वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित कोणों से मामले की पड़ताल कर रही है। महिला अपने गांव से इतनी दूर बच्ची के साथ पहाड़ पर कैसे और किन हालात में पहुंची, यह जांच का बड़ा विषय बना हुआ है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। इधर, घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव वालों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
इसे भी पढ़ें : वोटर लिस्ट किसी दल की जागीर नहीं, सोशल मीडिया के झूठ में न उलझें, नियम समझें : मेयर



