अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna / Chhapra : सारण जिले में बाढ़ का पानी नए इलाकों में तेजी से फैलने लगा है। कई प्रखंडों में हालात गंभीर होते देख शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद जिले में युद्धस्तर पर राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया है। लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के लिए अब तक की सबसे बड़ी राहत टीम मैदान में उतार दी गई है। आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जिले में उतरीं NDRF और SDRF की टीमें, 80 से ज्यादा नावें तैनात
बाढ़ के बढ़ते दायरे को देखते हुए सरकार ने सारण में अतिरिक्त फोर्स झोंक दी है। जिले में पहले से तैनात 8 टीमों के अलावा बेतिया, गोपालगंज, भागलपुर और सुपौल से NDRF की टीमें बुलाई गई हैं। वहीं दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण से SDRF की अतिरिक्त टुकड़ियां सारण पहुंची हैं। अब जिले में NDRF की 12 और SDRF की 7 टीमों को मिलाकर कुल 19 टीमें मोर्चा संभाल रही हैं। राहत कार्य में करीब 500 प्रशिक्षित जवान लगे हुए हैं। जवानों के पास 86 से ज्यादा आधुनिक नावें, लाइफ जैकेट, लाइफबॉय और गहरे पानी में उतरने वाले उपकरण मौजूद हैं। ये टीमें पानी में फंसे लोगों को निकालकर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा रही हैं।

आसमान से गिराए जा रहे फूड पैकेट, पड़ोसी जिलों से पहुंची मदद
सड़क संपर्क टूटने की वजह से जहां नावें नहीं पहुंच पा रही हैं, वहां वायुसेना के हेलिकॉप्टर की मदद ली जा रही है। शुक्रवार दोपहर तक बाढ़ पीड़ितों के बीच 3 हजार से ज्यादा राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जा चुके हैं, जबकि शाम तक यह आंकड़ा 5 हजार के पार पहुंच गया। खाने-पीने के संकट से निपटने के लिए आसपास के जिलों से भी बड़े पैमाने पर राशन भेजा जा रहा है। पटना से 10 हजार, सिवान से 15 हजार, भोजपुर, बक्सर और वैशाली से 5-5 हजार पैकेट मंगाए गए हैं। इस तरह कुल 40 हजार राशन पैकेट सीधे सारण भेजे जा रहे हैं।

छत छिनने पर 75 हजार पॉलिथीन शीट की व्यवस्था, हेल्पलाइन नंबर जारी
बेघर हुए लोगों के सिर छिपाने के लिए दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और समस्तीपुर से कुल 75 हजार पॉलिथीन शीट मंगवाई गई हैं। प्रशासन का कहना है कि राहत सामग्री के बंटवारे और बचाव काम में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि प्रभावित लोगों तक हर जरूरी मदद पहुंचाई जाएगी। किसी भी आपात स्थिति या मदद के लिए राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : काम किया है इसलिए पीएम मोदी को बार-बार मौका देती है जनता : सीएम सम्राट



