अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gujrat : गुजरात के वडोदरा जिले में नेशनल हाईवे-48 पर स्थित करजन टोल बूथ के पास बने सीएनजी पंप पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां गैस भरवा रही एक कार में अचानक जोरदार धमाका हुआ और कार के परखच्चे उड़ गए। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि पंप परिसर समेत आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में सीएनजी सिलेंडर टूटकर दो टुकड़ों में बंट गया और वहां खड़ा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
धमाके के बाद हवा में उड़े सिलेंडर के टुकड़े, दो अन्य गाड़ियां भी चपेट में
करजन में टिंबा कंपनी के पास स्थित इंडियन सीएनजी पंप पर रोजाना की तरह गाड़ियां कतार में खड़ी थीं। एक कार में कर्मचारी नोजल लगाकर गैस भर रहा था, तभी कार के पिछले हिस्से में रखा सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि कार की छत और पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। भारी भरकम सीएनजी सिलेंडर दो हिस्सों में बंट गया, जिसमें से एक टुकड़ा पंप के फर्श पर गिरा और दूसरा हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरा। कतार में पीछे खड़ी दो अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गैस भरते समय अचानक धुआं उठने और लोगों के इधर-उधर भागने का खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है।
गुजरात के करजन (NH-48) में CNG भरवाते समय कार में भीषण धमाका; दो टुकड़ों में टूटा सिलेंडर, गाड़ियां क्षतिग्रस्त। हादसे का CCTV फुटेज वायरल।#Gujarat #Vadodara #CNGBlast #NewsSamvad #LatestNews #TodayNews #TrendingNews #BreakingNews pic.twitter.com/B8uFuZMhXq
— News Samvad (@newssamvaad) October 3, 2026
गैस रिसाव की आशंका, हाइड्रो टेस्टिंग को लेकर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दमकल और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि गैस भरते समय लीकेज हुआ और दबाव बढ़ने के कारण यह ब्लास्ट हुआ। पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञ अब इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि कार में लगी सीएनजी किट कंपनी फिटेड थी या बाहर से लगवाई गई थी। इसके साथ ही सिलेंडर की तय समय पर हाइड्रो टेस्टिंग हुई थी या नहीं और उसकी मियाद बची थी या खत्म हो चुकी थी, इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
गैस भरवाते समय इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
इस हादसे ने एक बार फिर सीएनजी वाहनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएनजी भरवाते समय हर वाहन चालक को नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। पंप पर गाड़ी रुकते ही इंजन बंद कर दें और कार में बैठे सभी यात्रियों को तुरंत बाहर उतार लें। गाड़ी में लगी किट और सिलेंडर की जांच सरकार से मान्यता प्राप्त सेंटर से हर तीन साल में जरूर करवाएं और हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट हमेशा साथ रखें। किसी भी सूरत में लोकल या बिना टेस्टिंग वाले पुराने सिलेंडर का इस्तेमाल न करें। यदि गाड़ी में गैस की हल्की सी भी गंध आए तो तुरंत लीकेज की जांच कराएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : बिजली कब गई, क्यों गई और कब आएगी… अब मोबाइल पर मिलेगा पल-पल का अपडेट



