अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आम लोगों की सहूलियत के लिए शनिवार, 3 अक्टूबर को दो अहम विकास योजनाओं की नींव रखी गई। वार्ड संख्या 18 के राधा गोविंद स्ट्रीट में बिटुमिनस रोड और पेवर ब्लॉक बिछाने के काम का शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही वार्ड संख्या 30 के रातू रोड में मजदूरों के बैठने और आराम करने के लिए आधुनिक लेबर शेड निर्माण का शिलान्यास किया गया। इन दोनों कार्यक्रमों में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह, महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार सहित संबंधित वार्डों की पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

गड्ढों और कीचड़ से मिलेगी मुक्ति, आवागमन होगा सुगम
वार्ड 18 स्थित राधा गोविंद स्ट्रीट में लंबे समय से सड़क की हालत सुधारने की मांग उठ रही थी। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब इस रास्ते पर बिटुमिनस की पक्की सड़क बनने और किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जाने से मोहल्ले की तस्वीर बदलेगी। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क दुरुस्त होने से न केवल इलाके की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पैदल चलने वालों और वाहन चालकों दोनों को सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा। निर्माण कार्य की शुरुआत होते ही स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर की और काम को समय पर पूरा कराने की बात कही।

रातू रोड में मजदूरों को मिलेगी धूप और बारिश से राहत
वार्ड संख्या 30 के रातू रोड स्थित प्रसार भारती कार्यालय के पास हर रोज सुबह सैकड़ों दिहाड़ी मजदूर काम की तलाश में जुटते हैं। मौसम की मार झेलते हुए सड़क किनारे खड़े रहने वाले इन श्रमिकों की सुविधा के लिए अब यहां लेबर शेड तैयार किया जाएगा। शिलान्यास के मौके पर वार्ड पार्षद सोनी देवी और अन्य अतिथियों ने बताया कि इस शेड के बन जाने से मजदूरों को बैठने के लिए एक सुरक्षित और व्यवस्थित जगह मिलेगी। तेज धूप या भारी बारिश के दौरान उन्हें दुकानों के छज्जों के नीचे शरण नहीं लेनी पड़ेगी।

तय समय और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का निर्देश
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक सीपी सिंह ने कहा कि शहर के हर हिस्से में नागरिकों को जरूरी नागरिक सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने निगम के अधिकारियों और संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए। इस मौके पर वार्ड 18 की पार्षद आशा देवी, वार्ड 30 की पार्षद सोनी देवी सहित निगम के कई अधिकारी और मोहल्ले के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : बिजली कब गई, क्यों गई और कब आएगी… अब मोबाइल पर मिलेगा पल-पल का अपडेट



