अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा जिले के भंडरिया प्रखंड स्थित बहुप्रतीक्षित मंडल डैम परियोजना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी दिनेश कुमार यादव और एसपी अमन कुमार ने आला अधिकारियों के साथ डैम स्थल का निरीक्षण किया और परियोजना से संबंधित वस्तुस्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पलामू टाइगर रिजर्व के उप निदेशक प्रजेश कांत जेना, गढ़वा के अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, रंका के एसडीओ रुद्र प्रताप, बीडीओ अमित कुमार, सीओ राकेश भूषण सिंह समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डैम स्थल पर जलाशय स्तर, सुरक्षा मानकों, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और विस्थापितों से जुड़ी प्रक्रियाओं की समीक्षा की।
डीसी ने स्पष्ट किया कि जल्द ही परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा और सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि मंडल डैम परियोजना को शुरू करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है और इस पर अब तक काफी राशि खर्च भी हो चुकी है। लेकिन कुछ कारणों से काम अभी तक शुरू नहीं हो सका है। अब यह प्रशासन की प्राथमिकता है कि डैम का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो।
डीसी दिनेश कुमार यादव ने कहा कि डैम के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा और विस्थापितों के लिए पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जाएगी। विस्थापितों को विश्रामपुर क्षेत्र में बसाया जाएगा, जहां उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना कार्य शुरू होने से पहले सभी तकनीकी और सामाजिक पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि किसी प्रकार की बाधा न आए। विस्थापित परिवारों को मुआवजा, पुनर्वास और सभी आवश्यक सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
मंडल डैम परियोजना के पूरा होने से गढ़वा जिले को सिंचाई, जल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन के क्षेत्र में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। प्रशासन ने आशा जताई है कि आने वाले एक से दो वर्षों के भीतर डैम का काम शुरू कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : एक ऐसा गांव जहां हर घर के लोग कर रहे सरकारी नौकरी



