अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vaishali : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार में मंत्री चिराग पासवान ने एक बार फिर बिहार सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी पुलिस की मिलीभगत से बेलगाम हो गए हैं और पुलिस प्रशासन सिर्फ घूसखोरी में लगा हुआ है। चिराग पासवान ने यह बयान वैशाली जिले के ग़ोरौल प्रखंड स्थित पीरापुर गांव में संजना भारती के परिजनों से मुलाकात के बाद दिया। संजना 27 मई को लापता हो गई थी और करीब डेढ़ महीने बाद उसका शव जमीन में दफन अवस्था में मिला। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की और आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं।
चिराग ने कहा, “बिहार में जब तक बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अपराधियों पर लगाम नहीं लगेगी। पुलिस थाना में पैसा लेकर काम करती है, और पीड़ितों की कोई सुनवाई नहीं होती।” उन्होंने पीरापुर गांव में संजना के परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी की। चिराग पासवान ने यह भी कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे पुलिस के साथ मिलकर पीड़ित परिवार पर केस हटाने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए और कहा कि ऐसी स्थिति में आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
बता दें कि संजना के लापता होने के बाद परिजनों ने थाना से लेकर एसपी कार्यालय तक कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शव मिलने तक स्थानीय थाना ने केस भी दर्ज नहीं किया था। बाद में एसपी ने गोरौल और भगवानपुर थाना प्रभारी को निलंबित किया, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।
चिराग पासवान का यह बयान बिहार की सियासत में हलचल पैदा कर सकता है। जहां विपक्ष को इस बयान से सरकार पर हमले का मौका मिलेगा, वहीं सत्ता पक्ष के लिए यह असहज स्थिति पैदा कर सकता है।
इसे भी पढ़ें : बिहार के 14 जवान लड़के रांची में कर रहे थे बड़ा कांड, पुलिस ने ध्वस्त किया नेटवर्क

