अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Araria : बिहार के अररिया में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लड़कियों का एक गैंग राहगीरों और वाहन चालकों से जबरन वसूली कर रहा है। यह गैंग करीब आधा दर्जन लड़कियों का है, जो जींस-टॉप और शर्ट-पैंट पहनकर मुख्य सड़कों पर सक्रिय रहती हैं। ये लड़कियां खुद को कभी प्रशासनिक अधिकारी की पहचान देती हैं, तो कभी इलाज के नाम पर लोगों से पैसे मांगती हैं।
ताजा मामला अररिया के ताराबाड़ी इलाके का है, जहां यह गैंग ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से गाड़ी में बैच और स्टीकर लगाने के नाम पर पैसे वसूल रहा था। वहीं, राह चलते लोगों से परिजनों की बीमारी का बहाना बनाकर 100 से 500 रुपये तक की मांग की जा रही थी। जब स्थानीय लोगों को इस गैंग की हरकतों की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और लड़कियों को ऐसा करने से रोका। शुरुआत में लड़कियों ने ग्रामीणों पर धौंस जमाने की कोशिश की, लेकिन सख्त रुख देखकर उन्हें वहां से भागना पड़ा।
यह पहली बार नहीं है जब यह गैंग पकड़ा गया है। कुछ समय पहले भी इसी तरह की घटनाएं रानीगंज-भरगामा और सैफगंज-महथावा सड़कों पर सामने आ चुकी हैं। खास बात यह है कि ये लड़कियां सामान्य से अलग भाषा में बात करती हैं और पहनावे से लोगों को भ्रमित कर देती हैं, जिससे लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं। ताराबाड़ी थानेदार ने बताया कि इस मामले से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और अगर पीड़ितों द्वारा शिकायत की जाती है, तो पुलिस जरूर कार्रवाई करेगी।
इसे भी पढ़ें : ‘नहीं संभल रहा बिहार, तो बेटे को बना दें CM’, राबड़ी देवी की नीतीश कुमार को दो टूक



