अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर मंगलवार को संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय मंत्री डॉ. सुनील कुमार, अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत चिड़ियाघर स्थित बाघ एन्क्लोजर के निरीक्षण से हुई। इसके पश्चात छात्र पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में पटना के 15 स्कूलों के लगभग 900 छात्रों ने भाग लिया, जो पिछले एक सप्ताह से चल रही थी।
पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता :
Group A :
- प्रथम स्थान : डीपीएस स्कूल
- द्वितीय स्थान : लोयोला हाई स्कूल
- तृतीय स्थान : सेंट माइकल हाई स्कूल
Group B :
- प्रथम स्थान : डीपीएस स्कूल
- द्वितीय स्थान : लोयोला हाई स्कूल
- तृतीय स्थान : रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल
इसके अलावा Group C और D के विजेताओं तथा क्विज प्रतियोगिता और ‘सांप दिवस’ के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
मंत्री डॉ. सुनील कुमार का संबोधन :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि बिहार जल्द ही कैमूर में एक नया टाइगर रिजर्व स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है और इसके लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि बीते 12 वर्षों में राज्य में बाघों की संख्या में आठ गुना वृद्धि हुई है, जो वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने यह भी बताया कि संजय गांधी जैविक उद्यान में अब तक कुल 32 बाघों का जन्म हो चुका है, जो इसे बाघों के प्रजनन के लिए उपयुक्त स्थल बनाता है।
वरिष्ठ अधिकारियों का वक्तव्य :
अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा ने बाघ संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि जंगलों पर अतिक्रमण को रोकना आवश्यक है और बाघों को उनके प्राकृतिक आवास में ही संरक्षण मिलना चाहिए। निदेशक (पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण) अभय कुमार ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी आवश्यक है और छोटी-छोटी पहलों से भी बड़ा बदलाव संभव है। कार्यक्रम के अंत में पटना जू के निदेशक हेमंत पाटिल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) अरविंदर सिंह, मुख्य वन संरक्षक सुरेंद्र सिंह समेत विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : OMG! कुत्ते का बना दिया आवास प्रमाण पत्र, एक कि गई नौकरी, एक को सस्पेंड करने की अनुशंसा



