अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : दिवाली के समापन के साथ ही बिहार में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच पटना जिला प्रशासन ने घाटों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने गंगा नदी के उन घाटों की सूची जारी की है, जिन्हें खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित किया गया है। इन घाटों पर इस बार छठ पूजा करने पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
इन घाटों पर छठ व्रत करना होगा मना
पटना जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची में कंटाही घाट, राजापुर पुल घाट, पहलवान घाट, बाँस घाट, बुद्धा घाट और नया पंचमुखी चौराहा घाट को खतरनाक घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि इन घाटों पर छठ पूजा करना वर्जित रहेगा। सुरक्षा कारणों से यहां श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कलेक्टोरेट और महेंद्रू घाट पर निर्माण कार्य जारी
प्रशासन ने बताया कि कलेक्टोरेट घाट और महेंद्रू घाट के एप्रोच रोड पर फिलहाल पानी भरा हुआ है, लेकिन रास्ता बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। वहीं एलसीटी घाट पर नदी के कटाव और गहराई को देखते हुए प्रशासन आकलन कर रहा है। अगले 1-2 दिनों में यह तय किया जाएगा कि घाट सुरक्षित है या नहीं। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एलसीटी घाट पर तालाब बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा हो सके।
इन घाटों को बताया गया अनुपयुक्त
प्रशासन ने टीएन बनर्जी घाट, मिश्री घाट, जजेज घाट, अदालत घाट और गुलबी घाट को भी अनुपयुक्त बताया है। इन घाटों पर पानी का स्तर बहुत कम है और दलदल की स्थिति के कारण छठ अर्घ्य के लिए ये घाट सुरक्षित नहीं हैं।
25 अक्टूबर से शुरू होगा चार दिवसीय महापर्व
गौरतलब है कि 25 अक्टूबर से छठ महापर्व का शुभारंभ होगा। प्रशासन घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, लाइटिंग और पार्किंग की व्यवस्था में जुटा है ताकि व्रती और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा कर सकें।
इसे भी पढ़ें : छठ महापर्व पर बदल जाएगा पटना का ट्रैफिक रूट, इन रास्तों पर नो एंट्री

