अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : छठ पूजा 2025 के अवसर पर पटना जिला प्रशासन ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। 27 और 28 अक्टूबर को विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा, ताकि घाटों पर आने-जाने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
27 और 28 अक्टूबर को लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
27 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 28 अक्टूबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा। यह रोक केवल आम वाहनों पर होगी — एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, मरीजों और छठ व्रतियों के वाहनों को छूट दी जाएगी।
अशोक राजपथ पर सख्त प्रतिबंध
कारगिल चौक से दीदारगंज तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। केवल छठ व्रतियों के वाहन ही खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर तक पार्किंग के लिए जा सकेंगे। कारगिल चौक से शाहपुर तक व्रतियों के वाहनों को अनुमति होगी।
घाटों के लिए पार्किंग और पहुंच व्यवस्था
गाय घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन सिटी स्कूल परिसर में पार्क होंगे। चौक, मोर्चा रोड और दरवाजा क्षेत्र के व्रती गुरु गोविंद सिंह आरओबी और पटना साहिब स्टेशन के पास अपने वाहन पार्क करेंगे। दीदारगंज की ओर से आने वाले व्रतियों के लिए कटरा बाजार समिति प्रांगण में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
जेपी सेतु और गंगा पथ पर रोक
27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 7:30 बजे तक और 28 अक्टूबर को सुबह 3 से 6 बजे तक जेपी सेतु पर सोनपुर/छपरा से आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक मरीन ड्राइव (जेपी गंगा पथ) पर भी सभी वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।
श्रद्धालुओं से अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही लगाएं और नियमों का पालन करें ताकि महापर्व शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सके।
इसे भी पढ़ें : खूबसूरत लड़कियों के जरिये हथियार मंगवाता था गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान, SP खोल गये चौंकाने वाला राज


