अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में नई ऊँचाई देने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने गूगल क्लाउड के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते के तहत गुजरात के जामनगर में एक अत्याधुनिक, एआई-केंद्रित क्लाउड रीजन स्थापित किया जाएगा। खास बात यह है कि यह पूरा प्रोजेक्ट ग्रीन एनर्जी से संचालित होगा।
जामनगर बनेगा एआई का नया हब
रिलायंस जामनगर में इस अत्याधुनिक क्लाउड सुविधा और संबंधित नेटवर्क इन्फ्रास्ट्रक्चर का डिज़ाइन, निर्माण और संचालन करेगा। वहीं गूगल क्लाउड अपनी जनरेटिव एआई क्षमताएँ, एआई हाइपरकंप्यूटर और एआई स्टैक मुहैया कराएगा। इस साझेदारी के तहत नए क्लाउड रीजन से जियो के डिजिटल नेटवर्क को मजबूती, सुरक्षा और बेहतर परफॉर्मेंस मिलेगा। इसके साथ ही यह प्रोजेक्ट रिलायंस रिटेल और अन्य व्यवसायों के संचालन को भी अधिक सक्षम और कुशल बनाएगा। रिलायंस जियो जामनगर को मुंबई और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए हाई-स्पीड फाइबर कनेक्टिविटी भी उपलब्ध कराएगा।
भारत को एआई का वर्ल्ड लीडर बनाने की दिशा में बढ़ा रहे कदम : मुकेश अंबानी
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा: “गूगल क्लाउड के साथ यह साझेदारी भारत की टेक्नोलॉजी यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगी। रिलायंस के नेटवर्क और ग्रीन एनर्जी समाधानों को गूगल की एआई क्षमताओं से जोड़कर हम भारत को एआई का वर्ल्ड लीडर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। जिस तरह जियो और गूगल ने मिलकर इंटरनेट का लोकतंत्रीकरण किया, उसी तरह अब हम एआई को हर भारतीय तक पहुंचाएंगे।”
हम एआई के साथ अगली छलांग लगाने को तैयार : सुंदर पिचाई
गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा: “हम लंबे समय से भारत के डिजिटल भविष्य में निवेश कर रहे हैं। रिलायंस और जियो के साथ हमारी साझेदारी ने लाखों लोगों तक किफायती इंटरनेट पहुंचाया है। अब हम एआई के साथ अगली छलांग लगाने को तैयार हैं। यह तो सिर्फ शुरुआत है, मिलकर हम भारत का एआई भविष्य गढ़ेंगे।”
रिलायंस और गूगल क्लाउड का यह कदम भारत को वैश्विक एआई मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जामनगर में बनने वाला यह एआई-केंद्रित क्लाउड रीजन भारत में कारोबार, रिटेल, नेटवर्किंग और डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता को पूरी तरह बदल देगा।
इसे भी पढ़ें : दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी का बड़ा ऐलान- 2026 में आएगा…

