अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : गुजरात के जामनगर में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा बनाया जा रहा धीरूभाई अंबानी गीगा एनर्जी कॉम्प्लेक्स आकार और क्षमता में दुनिया का सबसे बड़ा ऊर्जा केंद्र बनने जा रहा है। यह कॉम्प्लेक्स टेस्ला की गीगाफैक्ट्री से चार गुना बड़ा होगा और इसमें पारंपरिक ऊर्जा के साथ-साथ नई ऊर्जा (New Energy) सुविधाएँ भी शामिल होंगी। रिलायंस की 48वीं वार्षिक आम बैठक में पहली बार शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कंपनी के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कॉम्प्लेक्स का निर्माण रिकॉर्ड स्पीड से हो रहा है।
100 एफिल टावर बनाने जितना लग चुका स्टील
अब तक कॉम्प्लेक्स के निर्माण में 34 लाख क्यूबिक मीटर कंक्रीट और 7 लाख टन स्टील इस्तेमाल किया जा चुका है। इतना स्टील करीब 100 एफिल टावर बनाने के लिए पर्याप्त है। साथ ही 1 लाख किलोमीटर लंबी केबल डाली गई है, जिसकी लंबाई चांद तक जाकर वापस आने जितनी है।
दुनिया की सबसे बड़ी न्यू एनर्जी परियोजना
अनंत अंबानी ने कहा कि जामनगर का यह कॉम्प्लेक्स दुनिया का सबसे बड़ा पारंपरिक और न्यू एनर्जी कॉम्प्लेक्स होगा। उन्होंने बताया कि गुजरात के कच्छ में रिलायंस दुनिया की सबसे बड़ी सौर परियोजनाओं में से एक विकसित कर रहा है। यह परियोजना 5,50,000 एकड़ बंजर भूमि पर फैली होगी, जो सिंगापुर के आकार से तीन गुना बड़ी होगी। इस परियोजना से आने वाले दशक में भारत की लगभग 10% बिजली की जरूरतें पूरी की जा सकेंगी।
सौर, बैटरी और हाइड्रोजन गीगा फैक्ट्रियां
अनंत अंबानी ने आगे बताया कि आने वाली तिमाहियों में रिलायंस अपनी सोलर पीवी निर्माण क्षमता को 10 गीगावाट प्रति वर्ष तक ले जाएगा, जिसे बाद में 20 गीगावाट प्रति वर्ष तक बढ़ाया जाएगा। यह दुनिया की सबसे बड़ी सौर निर्माण सुविधा होगी। इसके अलावा, रिलायंस की बैटरी गीगा फैक्ट्री 2026 में शुरू होगी, जिसकी शुरुआती क्षमता 40 गीगावाट प्रति वर्ष होगी और धीरे-धीरे इसे 100 गीगावाट प्रति वर्ष तक बढ़ाया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रोलाइज़र गीगा फैक्ट्री भी 2026 के अंत तक चालू हो जाएगी, जो ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन के लिए अहम होगी।
नया भारत, नई ऊर्जा : अनंत अंबानी
अनंत अंबानी ने कहा- “जामनगर नई रिलायंस और नए भारत का चेहरा बनेगा। हमारा लक्ष्य है कि भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने और वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करे।”
इसे भी पढ़ें : दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी का बड़ा ऐलान- 2026 में आएगा…



