अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास से कथित तौर पर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके आवास से पार्टी फंड के 20 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स चोरी कर लिए गए हैं।
आवेदन से पहले मारपीट की भी चर्चा
इस मामले में अब एक नया मोड़ भी सामने आ रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि शिकायत दर्ज कराने से पहले तेज प्रताप यादव और उनके पीए मोतीलाल राय के बीच कथित तौर पर विवाद और मारपीट हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, मोतीलाल राय भी तेज प्रताप यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में था। हालांकि उससे पहले ही पूर्व मंत्री ने थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दे दी।
बैग लेकर दीवार फांदकर भागने का आरोप
तेज प्रताप यादव ने पुलिस को दिए गए आवेदन में घटना का पूरा ब्यौरा भी दिया है। शिकायत के अनुसार, 22 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और आवास पर रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग के साथ परिसर की बाउंड्री फांदकर जाते हुए देखा था। तेज प्रताप यादव ने अपने आवेदन में इन दोनों कर्मचारियों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है। पुलिस अब इन दोनों के बयान भी दर्ज कर सकती है।
अलमारी से नकदी, सोना और इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब
शिकायत में चोरी हुए सामान की जो सूची दी गई है, वह काफी लंबी है। तेज प्रताप यादव के अनुसार, उनकी अलमारी से 20 लाख रुपये नकद, 2 तोला सोने की चेन और एक सोने की अंगूठी गायब है। इसके अलावा कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी नहीं मिले हैं। इनमें चार iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन, एक MacBook, एक Lenovo लैपटॉप, एक iPad, दो हार्ड डिस्क और Sony कंपनी के चार पेन ड्राइव शामिल हैं।
पार्टी फंड की रकम होने का दावा
तेज प्रताप यादव ने पुलिस को बताया है कि चोरी हुई 20 लाख रुपये की नकद राशि पार्टी फंड की रकम थी। इस दावे के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर सकती है कि कथित तौर पर चोरी हुई नकदी का स्रोत और उसका उपयोग क्या था। मामला एक पूर्व मंत्री और उनके करीबी सहयोगी से जुड़ा होने के कारण काफी चर्चा में है। एक तरफ तेज प्रताप यादव ने अपने पीए पर गंभीर आरोप लगाए हैं, तो दूसरी तरफ दोनों के बीच विवाद और मारपीट की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।
इसे भी पढ़ें : लखनऊ अ’ग्निकांड : जिस बिल्डिंग को 2016 में गिरना था, उसी में बुझ गये 15 घरों के चिराग

