अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : विधानसभा चुनाव 2025 से पहले CM नीतीश कुमार ने महिलाओं को खास तोहफा दिया है। सोमवार को एक अणे मार्ग से सीएम ने पिंक बस सेवा के दूसरे चरण की शुरुआत की और 80 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें केवल महिलाओं के लिए होंगी। मई 2025 में इस सेवा का पहला चरण शुरू हुआ था, जिसमें 20 सीएनजी पिंक बसें शामिल थीं। इनमें से 8 बसें वर्तमान में पटना शहर में सफलतापूर्वक चल रही हैं। अब दूसरे चरण के साथ पिंक बसों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है, जिससे महिला यात्रियों को और सुविधा और सुरक्षा मिल सकेगी।
कहां चलेंगी बसें
फिलहाल पिंक बसें पटना के पांच प्रमुख रूटों पर चल रही हैं –
- गांधी मैदान से दानापुर स्टेशन
- गांधी मैदान से एम्स
- नेहरू पथ
- एम्स रोड
- सगुना मोड़ मार्ग
ये बसें पटना वीमेंस कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, जेडी वीमेंस कॉलेज, IGIMS और अशोक राजपथ जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों और व्यस्त मार्गों को कवर करती हैं। इसका सबसे अधिक फायदा छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को मिलेगा।
ई-टिकटिंग और ऐप सुविधा भी शुरू
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSTC) की 1065 बसों में ई-टिकटिंग सुविधा का भी शुभारंभ किया। अब यात्री डिजिटल पेमेंट, प्रीपेड कार्ड, मासिक पास और स्टूडेंट पास का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, ‘Chalo’ मोबाइल ऐप से बसों की रियल-टाइम लोकेशन देखी जा सकेगी। कंडक्टर भी इसी ऐप के जरिए टिकट और मंथली पास जारी करेंगे।
सीएम ने X पर किया पोस्ट
महिलाओं के लिए पिंक बसों की खास सेवा का विस्तार करने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा… “आज बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की 1065 बसों में ई-टिकटिंग सुविधा लागू करने का शुभारंभ किया तथा द्वितीय चरण में नई 80 पिंक बसों का लोकार्पण भी किया। इन बसों में केवल महिलाएं ही यात्रा कर सकती हैं। इन पिंक बसों के परिचालन से महिलाओं का सफर ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक होगा और उन्हें आवागमन में काफी सहूलियत होगी। साथ ही ई-टिकटिंग की व्यवस्था से राज्य के लोगों को विभिन्न जगहों पर यात्रा करने में सुगमता होगी।”
आज बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की 1065 बसों में ई-टिकटिंग सुविधा लागू करने का शुभारंभ किया तथा द्वितीय चरण में नई 80 पिंक बसों का लोकार्पण भी किया। इन बसों में केवल महिलाएं ही यात्रा कर सकती हैं।
इन पिंक बसों के परिचालन से महिलाओं का सफर ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक होगा और… pic.twitter.com/SpdL7FDKJP
— Nitish Kumar (@NitishKumar) September 8, 2025
ये रहे मौजूद
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, परिवहन मंत्री शीला कुमारी और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा कि पिंक बसों से महिलाओं का सफर सुरक्षित और आरामदायक होगा, जबकि ई-टिकटिंग व्यवस्था से सभी यात्रियों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी।


इसे भी पढ़ें : CM नीतीश ने अब आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की झोली में डाली खुशियां

