WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now
अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के सदर थानेदार इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने कहा कि हर बुराई का जड़ है नशा है। नशा न केवल इंसान को बर्बाद करता है, बल्कि घर-परिवार तक को तहस-नहस कर देता है। समाज में इसका अलग ही दुष्प्रभाव पड़ता है। नशे में शख्स इंसान से दरिंदा बन जाता है। इसके बाद वह कोई भी अपराध कर जाता है। फिर चाहे वह लूट-छिनतई हो, या फिर मर्डर या रेप। इस चलते नशा से दूरी बनाना बेहद जरूरी है। थानेदार ने लोगों से अपील की कि नशा से बनाये दूरी और संवारे अपनी जिंदगी। मौका था नशा के खिलाफ लोगों को जगाने का। इसको लेकर सदर थाना क्षेत्र के शांति नगर गढ़ा टोली में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में शांति नगर, गढ़ा टोली, गौसनगर, इलाही बक्स कॉलोनी सहित अन्य इलाकों के बुद्धिजीवी लोगों ने शिरकत की।
मौके पर थानेदार कुलदीप कुमार ने लोगों से कहा कि अपने-अपने मुहल्ले और अपने बच्चों पर ध्यान दें कि वे किसी तरह का नशा की गिरफ्त में तो नहीं फंस रहे। इस पर आप गंभीरता पूर्वक निगरानी रखें, अगर किसी को नशा की लत है, तो इसके लिए नशा मुक्ति केंद्र भेजने का काम करें। मैं हर संभव मदद करने को तैयार हूं। इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने लोगों से आग्रह किया कि कहीं भी कोई शख्स ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम की तस्करी करते दिखे, तो तुरंत पुलिस को बतायें, उसके खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जायेगा। वहीं, इंफॉर्मेशन देने वाले का नाम-पता गुप्त रखा जायेगा। हमारा मकसद सिर्फ यही है कि हमारा समाज और हमारे बच्चे नशे के चंगुल से दूर और सुरक्षित रहें। हमारे बच्चे सुरक्षित रहेंगे, तभी हमारा राज्य और हमारा देश भी सुरक्षित रहेगा। थानेदार ने सभी लोगों को नशा के खिलाफ मुहिम चलाने की शपथ दिलायी।

इस मौके पर झारखंड आंदोलनकारी सह झारखंड प्रदेश जमीयतुल कुरैश के अध्यक्ष मुजीब कुरैशी ने कहा कि नशा मुक्ति जागरूकता अभियान सरकार की एक बहुत अच्छी पहल है। इसको सफल बनाने के लिए हर एक व्यक्ति को जुड़ना होगा। इसकी शुरुआत हम लोगों ने 2019 में भी किया था और आज तक ये मुहिम लगातार चल रही है। मौके पर गुलाम जावेद, जमीयतुल कुरैश पंचायत कांटा टोली के अध्यक्ष गुलाम गौस कुरैशी पप्पू, समाजसेवी मुन्ना इम्तियाज, एकराम कुरैशी, साजिद, नन्हे, राहुप, मो यासीन, निजाम, इरफान, फेकू, आशिक, मुजाहिद, कामरान, मोइनुद्दीन, फरहाद, आसिफ, भोलू, राजू सहित कई लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : TSPC को तगड़ा झटका, एरिया कमांडर सहित पांच गिरफ्तार

