अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के पोखराटोला गांव में बुधवार रात हुई शादी में खाना खाने के बाद 50 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत के कारण गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। चार एंबुलेंस तैनात की गईं और गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी को डायरिया हुआ है। उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मरीजों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही।
खाने में कुछ गड़बड़ की आशंका
पोखराटोला निवासी हरिशंकर के घर चल रहे शादी समारोह में लोग पूड़ी, बुंदिया और सब्जी खा रहे थे। खाने के कुछ समय बाद ही लोग धीरे-धीरे बीमार पड़ने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सब्जी में कुछ गड़बड़ होने की वजह से यह फूड पॉइजनिंग हुई।
इलाज गांव में ही, गंभीर मरीज सीएचसी और मेडिकल कॉलेज भेजे गए
बीमार लोगों का इलाज गांव के स्कूल में लगाया गए कैंप में किया जा रहा है। बोहिता गांव के कैंप में कुल 36 लोगों को iv fluid दिया गया। प्रशासनिक टीम गांव में दवा का वितरण कर रही है। कुल 350 लोगों को दवा बांटी गई। एंबुलेंस से 12 मरीज सीएचसी लेस्लीगंज पहुंचे और 9 मरीज मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए।
प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मी निगरानी में
स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मचारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सभी मरीजों का इलाज जारी है और गंभीर स्थिति से बचाव के लिए प्रशासन ने हर संभव कदम उठाया है।
इसे भी पढ़ें : पहले बराबरी पर अटका मामला, फिर राणा ओझा ने मा’री बाजी… जानें कैसे



