अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के घाटशिला उपचुनाव को लेकर बुधवार को भाजपा ने हेंदलजूड़ी और बनकाटी पंचायतों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी तथा हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा।
छह सालों में झारखंड को लूट की सरकार मिली : मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बीते छह वर्षों में हेमंत सरकार ने झारखंड को विकास नहीं, बल्कि लूट का अड्डा बना दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और अफसर मिलकर जनता के हक छीन रहे हैं। न रोजगार मिला, न शिक्षा और न विकास… बस भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का बोलबाला है।
‘झारखंड को लुटेरों से मुक्त कराने का समय आ गया’
मरांडी ने कहा कि अब हाल यह है कि गांवों की नदी-नालों की बालू तक इन लुटेरों ने नहीं छोड़ी। जो अधिकार पहले ग्राम सभा और पंचायतों के पास थे, उन्हें अब बड़े ठेकेदारों के हवाले कर दिया गया है। इसके कारण बालू के दाम आसमान छू रहे हैं और आम लोग अपने घर बनाने तक के लिए परेशान हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि घाटशिला की जनता एकजुट होकर भाजपा के कमल निशान को वोट दे और इस लूट की सरकार को उखाड़ फेंके।
नवीन जायसवाल का वार – ‘सरकार ने युवाओं के सपने तोड़े’
विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि हेमंत सरकार ने युवाओं से वादाखिलाफी की है। चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने हर साल पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन छह साल में किसी को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता देने के नाम पर भी करोड़ों का घोटाला हुआ है। झारखंड के युवा अब जाग चुके हैं और इस सरकार को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
सम्मेलन में विधायक बड़कुंवार गगराई, महेश्वर महतो समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : खूबसूरत सेजल के जुबां खोलते ही अरेस्ट हो गये दीदी-जीजा और पापा… जानें क्यों

