अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज 50वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम राजनेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकानाएं दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “मैं हेमंत सोरेन की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं”।
Greetings to Jharkhand CM Shri Hemant Soren Ji on his birthday. Praying for his long life and good health.@HemantSorenJMM
— Narendra Modi (@narendramodi) August 10, 2025
बाबूलाल मरांडी ने भी दी शुभकामनाएं
झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “बाबा बैद्यनाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता हूं।”
माननीय मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बाबा बैद्यनाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता हूं।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) August 10, 2025
यहां याद दिला दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज 50वां जन्मदिन है। इस बार मुख्यमंत्री अपना जन्मदिन नहीं माना रहे हैं। क्योंकि उनके पिता शिबू सोरेन का 4 अगस्त को निधन हो गया था और इन दिनों उनका श्राद्ध कर्म चल रहा है।
10 अगस्त 1975 को रामगढ़ के नेमरा गांव हुआ का सीएम का जन्म
हेमंत सोरेन का जन्म 10 अगस्त 1975 को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ था। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हेमंत इंजीनियर बनने का सपना देखते थे। उन्होंने रांची के प्रतिष्ठित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा में प्रवेश भी लिया, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों और बदलती राजनीतिक परिस्थितियों ने उनका रास्ता बदल दिया। उन्होंने पढ़ाई छोड़कर संगठन को मजबूत करने का बीड़ा उठाया और बड़े भाई दुर्गा सोरेन के साथ सक्रिय राजनीति में उतर आए।
साल 2005 में पहली बार लड़ा चुनाव
वर्ष 2005 में उन्होंने दुमका से अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्य करते रहे।
हेमंत सोरेन ने वर्ष 2009 में दुमका सीट से जीत हासिल की और 2010 में राज्य के उपमुख्यमंत्री बने। 13 जुलाई 2013 को उन्होंने पहली बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सरकार झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मिलकर बनाई थी और उनका कार्यकाल 23 दिसंबर 2014 तक चला।
वर्ष 2014 में वे दुमका और बरहेट दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़े। दुमका में हार गए, लेकिन बरहेट से विजयी हुए। इसके बाद वे विपक्ष के नेता के रूप में पांच वर्षों तक सक्रिय राजनीति में डटे रहे।
वर्ष 2009 में बड़े भाई दुर्गा सोरेन के निधन और पिता शिबू सोरेन की बढ़ती उम्र के साथ हेमंत सोरेन पर झामुमो की पूरी जिम्मेदारी आ गई। उन्होंने इसे पूरी निष्ठा और दृढ़ता से निभाया।
मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की और झारखंड की जनता के मुद्दों पर मुखर होकर काम किया। आज जब वे 50 वर्ष के हो गए हैं, तब उनका जन्मदिन ऐसे समय में आया है, जब वे अपने पिता के निधन के शोक में हैं। एक बेटे के रूप में वे अपने पिता की राजनीतिक और सामाजिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत ने पैतृक गांव की खेती-किसानी का लिया जायजा, क्या बोले… जानें



