अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी बीच CM नीतीश कुमार लगातार नई घोषणाएं कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने छात्रों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर अब कोई भी ब्याज नहीं लगेगा। CM नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से जानकारी साझा करते हुए बताया कि 07 निश्चय योजना के तहत 2 अक्टूबर 2016 से लागू बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में अब बड़ा बदलाव किया गया है। पहले इस योजना में छात्रों को अधिकतम 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण 4% ब्याज दर पर और महिला, दिव्यांग एवं ट्रांसजेंडर छात्रों को 1% ब्याज दर पर दिया जाता था। अब सभी श्रेणियों के लिए यह ऋण पूरी तरह ब्याज मुक्त होगा।
बिहार में 07 निश्चय योजना के अंतर्गत 12वीं कक्षा उत्तीर्ण छात्र जो उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं उनके लिए 02 अक्टूबर 2016 से बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना लागू है। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अधिकतम 04 लाख रुपए का शिक्षा…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) September 16, 2025
EMI अवधि में भी दी बड़ी राहत
सरकार ने शिक्षा ऋण चुकाने की अवधि में भी छात्रों को राहत दी है। पहले 2 लाख रुपये तक के ऋण को 60 मासिक किस्तों (5 वर्ष) में चुकाना होता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर अधिकतम 84 मासिक किस्तों (7 वर्ष) तक कर दिया गया है। वहीं, 2 लाख से अधिक की राशि के लिए पहले 84 मासिक किस्तें (7 वर्ष) निर्धारित थीं, जिसे अब बढ़ाकर 120 मासिक किस्तें (10 वर्ष) कर दिया गया है।
छात्रों का मनोबल बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य अधिक से अधिक छात्रों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। ब्याज मुक्त ऋण और आसान किस्तों की सुविधा से छात्रों का बोझ कम होगा और वे अधिक उत्साह के साथ पढ़ाई कर पाएंगे। नीतीश कुमार ने विश्वास जताया कि यह कदम न केवल छात्रों का भविष्य संवारने में मददगार होगा बल्कि राज्य और देश की प्रगति में भी योगदान देगा।
इसे भी पढ़ें : नीतीश कैबिनेट @09.09.2025 : किन-किन एजेंडों को मिला ग्रीन सिग्नल… जानें

