अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Haxaribagh : हजारीबाग के अंगो थाना क्षेत्र और चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में हाथियों के झुंड ने बीती रात कहर मचाते हुए छह लोगों की जान ले ली। मृतकों में एक साल के छोटे बच्चे से लेकर 50 वर्ष से ऊपर के लोग शामिल हैं। घटना में सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25) और दो छोटे बच्चे अनुराग राम (1) तथा संजना कुमारी (3) की मौत हुई। बताया जा रहा है कि घटना रात 1 बजे से डेढ़ बजे के बीच हुई, जब सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब पांच हाथियों का झुंड अचानक गांव में घुस गया। उन्होंने एक घर का गेट उखाड़ दिया और घर में घुसकर सो रहे लोगों को कुचल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तहलका मच गया और लोग खौफजदा हो गये।
बताया गया कि इस क्षेत्र में हाथियों का झुंड पिछले एक महीने से विचरण कर रहा था। वन विभाग ने समय-समय पर ग्रामीणों को सतर्क किया था। डीएफओ पूर्वी वन प्रमंडल विकास कुमार उज्ज्वल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा वन विभाग मृतक परिवार के साथ खड़ा है।
कुछ लोगों ने बताया कि हजारीबाग और रामगढ़ के गोमिया प्रखंड में हाथियों के हमले आम हो गए हैं। कुछ ही दिन पहले गोमिया प्रखंड में भी हाथियों के हमले में पांच लोगों की जान गई थी। ग्रामीणों ने इस घटनाक्रम को लेकर चिंता जताई है और उनसे सुरक्षा उपायों की अपील की जा रही है।
वन विभाग की चेतावनी
वन विभाग ने कहा है कि ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर न निकलें और हाथियों के विचरण वाले मार्गों से दूर रहें। विभाग ने आपातकालीन टीम गांव में भेजी है और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर को देहरादून में टपका डाला, डॉन अखिलेश से रहा है खास कनेक्शन

