अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Nawada : नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में पुलिस और DIU (डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट) की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी निखिल कुमार एक मुठभेड़ में जख्मी हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना मंझवे पहाड़ी के पास हुई, जहां निखिल ने पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग की, जवाब में पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें उसे पैर में गोली लगी।
SP अभिनव धीमान ने मीडिया को बताया कि जख्मी आरोपी को प्राथमिक इलाज के बाद विम्स पावापुरी अस्पताल रेफर किया गया है। निखिल कुमार गया जिले का निवासी है और 25 जुलाई को हिसुआ के दरबार चौक पर इलेक्ट्रिक व्यवसायी नीरज प्रकाश लाल पर हुए हमले का मुख्य आरोपी है।
उल्लेखनीय है कि 25 जुलाई की दोपहर हिसुआ बाजार स्थित नीरज प्रकाश की इलेक्ट्रिक दुकान पर छह हथियारबंद अपराधियों ने लूट के इरादे से हमला कर दिया था। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें नीरज और उनके भाई नवीन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक गोली नीरज के सिर को छूते हुए निकल गई थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच कर निखिल कुमार को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया।
SP अभिनव धीमान ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति बहाली की उम्मीद जगी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : नेमरा में 16 अगस्त को होगा गुरुजी का अंतिम भोज, चार हैलीपैड बन कर तैयार

