अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gumla : डीसी प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान कई योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में डीसी ने कामडारा, डुमरी, पालकोट और चैनपुर प्रखंड के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) को कार्य में लापरवाही के कारण फटकार लगाई और उनका वेतन रोके जाने का आदेश दिया। डीसी ने कहा कि आगे भी लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तंबाकू मुक्त समाज पर जोर
डीसी ने नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएं। स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और स्वास्थ्य केंद्रों में लोगों को तंबाकू के नुकसान के बारे में जागरूक करें।
सिकल सेल जांच में तेजी लाने के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों से सिकल सेल एनीमिया की जांच और प्रभावित मरीजों के उपचार की गति बढ़ाने को कहा। डीसी ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में परीक्षण और इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
आयुष्मान कार्ड वितरण पर जोर
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए डीसी ने कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थियों के कार्ड जल्द बनाए जाएं। उन्होंने बताया कि एक नवंबर से जिले में विशेष कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड से जोड़ा जाएगा।
एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान सघन करने के निर्देश
डीसी ने गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग को तेज़ी से चलाने के निर्देश दिए ताकि लोगों को समय पर इलाज मिल सके।
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी, उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोर, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी और विभागीय कर्मी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : लहू से बुनी उम्मीद की कहानी : जब डीसी और जनता ने दिखाई इंसानियत की झलक



