अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग में शनिवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग से जुड़े बताए जा रहे अपराधियों के बीच एनकाउंटर हो गया। गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में पहुंचे तीन संदिग्धों का सामना पुलिस टीम से हो गया। पुलिस के अनुसार, रुकने का इशारा करने पर तीनों बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बाइक गिर गई और तीनों जंगल की ओर भाग गए। जंगल में पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्धों को गोली लगी, जबकि एक जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुराना कांटा घर रोड पर चेकिंग शुरू
पुलिस को बीती देर रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे गैंग के कुछ गुर्गे मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना थी कि कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी। बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गिद्दी थाना पुलिस, उरीमारी ओपी की पुलिस और सशस्त्र बल के जवान मौके के लिए रवाना हुए। पुराना कांटा घर रोड के आसपास पुलिस ने सघन चेकिंग शुरू कर दी।
भोर के करीब 3:50 बजे पुलिस टीम को भुरकुंडा की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने लगे। भागने के दौरान उनकी बाइक सड़क पर गिर गई। इसके बाद तीनों बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भाग गए।
जंगल में छिपकर पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो जख्मी
पुलिस के मुताबिक, जंगल की ओर भागने के बाद संदिग्धों ने वहीं से पुलिस टीम को टारगेट कर गोली चलानी शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों तरफ से फायरिंग हुई। इस दौरान दो संदेही को गोली लगी। घायलों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने मौके से पकड़ा और इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत पर डॉक्टर नजर रख रहे हैं।
फायरिंग के बीच तीसरा संदिग्ध जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के इलाके और जंगल में छापेमारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फरार आरोपी कौन है और उसका इस गैंग से क्या संबंध है।

मौके से हथियार, गोली, खोखा, पर्चा और मोबाइल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो हथियार, गोली और खोखा बरामद किया गया। इसके अलावा एक पर्चा और मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगा है। बरामद सामान की जांच की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों संदिग्ध किस वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में पहुंचे थे। मोबाइल फोन और बरामद पर्चे से पुलिस को कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : तीन बच्चों की मां से इश्क में एक बच्चे के बाप ने काट डाला खुद का गला, फिर…



