अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : नशे का गंदा धंधा करने वालों को हजारीबाग पुलिस ने तीखी चोट दी है। इस धंधे को बेखौफ करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों के नाम संदीप कुमार, मो. जाहिद आलम, मो. सहजाद उर्फ सोनू और मंजीत सिंह बताये गये हैं। मो. जाहिद आलम रांची का रहने वाला है। संदीप और सहजाद चतरा में रहते हैं। वहीं, मंजीत सिंह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। इन लोगों के पास से 2.7 किलोग्राम अफीम, तीन बाइक, एक छह चक्का ट्रक और चार मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इस बात का खुलासा हजारीबाग के पुलिस कप्तान अंजनी अंजन ने किया है।
एसपी अंजनी अंजन ने मीडिया को बताया कि इन तस्करों को पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़वा डैम के पास के पकड़ा गया है। ASP अमित कुमार की देखरेख में गठित टीम ने इन लोगों को दबोचा। ये तस्कर अफीम का सौदा कर पंजाब जाने की फिराक मे थे, मगर पुलिस ने उनकी प्लानिंग पर पानी फेर दिया।
ड्रग्स के खिलाफ लगातार चला रहे अभियान में पुलिस को दो और कामयाबी हाथ लगी है। बीते 20 अक्टूबर को पेलावल ओपी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 40 ग्राम ब्राउन शुगर और एक क्रेटा गाड़ी जब्त की गई। वहीं, 11 अक्टूबर को बरही थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 360 ग्राम अफीम के साथ राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।
नशे के धंधेबाजों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जायेगा : एसपी
एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव-2025 को ध्यान में रखते हुए पुलिस नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़ें : “बचाइए डॉक्टर साहब… थोड़ा जल्दी करिए…” और फिर थम गयी अलबन तिर्की के सांसें

