अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : कभी भरोसा, कभी सुरक्षा का एहसास और कभी भविष्य के सपने। इन्हीं बातों के सहारे एक शातिर ठग ने महिला को अपने जाल में फंसाया। खुद को कभी बैंक मैनेजर तो कभी एयरफोर्स पदाधिकारी तो कभी सचिवालय का कर्मी बताने वाला युवक असल में ठगी की साजिश रच रहा था। सेक्टर-4 थाना पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर इस भरोसेमंद चेहरे के पीछे छिपे अपराध को बेनकाब किया है।
भरोसे से शुरू हुई कहानी
कतरास मेन रोड निवासी अंजली सिन्हा की मुलाकात संकल्प कुमार उर्फ गोलु से हुई। बातचीत बढ़ी तो भरोसा भी बढ़ता गया। आरोपी ने अपनी पहचान प्रभावशाली बताई और खुद को जिम्मेदार पद पर कार्यरत बताया। उसके शब्दों और व्यवहार ने महिला को यकीन दिला दिया कि वह किसी सुरक्षित और समझदार व्यक्ति से बात कर रही है।
चालाकी से ले लिया जेवर और कैश
12 दिसंबर को आदित्य होटल के सामने दोनों की मुलाकात हुई। इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से महिला के जेवर और 30 हजार रुपये अपने कब्जे में ले लिए। कुछ ही देर में वह वहां से निकल गया। काफी समय तक संपर्क न होने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। मानसिक तनाव और टूटे भरोसे के बावजूद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।

एसपी के निर्देश पर SIT ने शुरू की तफ्तीश
सेक्टर-4 थाना में मामला दर्ज होते ही एशपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। बोकारो और पटना की तकनीकी शाखा की मदद से मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद बिहार के फतुहा थाना क्षेत्र के रहने वाले संकल्प कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
शशि ज्वेलर्स में गलाए गए थे चोरी के जेवरात
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि ठगी के जेवर मोसीमपुर स्थित शशि ज्वेलर्स में गलाए गए थे। पुलिस ने वहां छापा मारकर ज्वेलर्स के मालिक सूर्यकांत सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर नकदी और सोना बरामद किया गया।
संकल्प का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 75 हजार रुपये नकद, 22.72 ग्राम सोना और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि संकल्प कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पटना के फतुहा थाना में पहले से दो मामले दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ें : पुलिस जवान के घर घुसकर परिवार पर टांगी से ह’मला, फिर…

