अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब जीता, लेकिन विजेता ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी न लेने का फैसला किया। इससे पुरस्कार समारोह में घंटों का ड्रामा चला और आखिरकार ट्रॉफी दिए बिना ही समारोह समाप्त हो गया।
समारोह में एक घंटे से ज्यादा देरी
मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में ही रहे, जबकि भारतीय खिलाड़ी मैदान पर खड़े रहे। नकवी स्टेज पर आ गए, लेकिन भारतीय टीम ने साफ कर दिया कि वे उनसे ट्रॉफी नहीं लेंगे। आयोजकों ने अमीरात क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष से ट्रॉफी दिलवाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने इनकार कर दिया। लगभग 75 मिनट की देरी के बाद समारोह शुरू हुआ। प्रेजेंटर साइमन डौल ने घोषणा की कि भारतीय टीम अवॉर्ड्स नहीं लेगी। नकवी ने पाकिस्तान को रनर्स-अप चेक दिया, लेकिन ट्रॉफी किसी ने नहीं छुई। एक अधिकारी ने ट्रॉफी को अचानक ड्रेसिंग रूम में ले जाकर रख दिया।
दर्शकों ने लगाए ‘इंडिया-इंडिया’ के नारे
नकवी के स्टेज पर आने पर भारतीय प्रशंसकों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारे लगाए। पाकिस्तानी टीम के बाहर आने पर भी दर्शकों ने ‘इंडिया’ के नारे गूंजाए। बीसीसीआई सचिव देवजित सैकिया ने कहा कि ट्रॉफी और मेडल्स जल्द लौटाए जाएं, वरना आईसीसी में शिकायत करेंगे। उन्होंने नकवी पर ट्रॉफी अपने होटल ले जाने का आरोप लगाया।
नकवी का भारत-विरोधी रवैया वजह
फाइनल से पहले ही अटकलें थीं कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगी। नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और भारत-विरोधी बयानों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हाल ही में एक्स पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वीडियो शेयर किया, जिसमें प्लेन क्रैश का इशारा था, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जोड़ा गया। इसी तरह, पाकिस्तानी गेंदबाज हारिस रऊफ ने सुपर-4 मैच में भारत के खिलाफ भड़काऊ जेस्चर किया था, जिस पर जुर्माना लगा। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने और बातचीत न करने की नीति अपनाई।
ट्रॉफी के बिना ही जश्न
भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी के बिना ही जश्न मना रहे थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने काल्पनिक ट्रॉफी उठाकर टीम का उत्साह बढ़ाया। यह घटना क्रिकेट को राजनीति से जोड़ने का उदाहरण बनी।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत सोरेन ने खोला रांची के भव्य दुर्गा पूजा पंडालों का पट… देखें तस्वीरें

