अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश की सियासत में बुधवार सुबह हलचल मच गई, जब बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर आयकर विभाग की टीम पहुंच गई। टीम ने लखनऊ के गोमतीनगर स्थित उनके आवास और दफ्तर में एक साथ छापा मारा। जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की कई गाड़ियों का काफिला सुबह उनके घर पहुंचा। देखते ही देखते पूरे घर को सुरक्षा बलों ने घेर लिया। किसी को अंदर जाने या बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई। आसपास के इलाके में भी काफी हलचल रही। टीम ने घर के कमरों, दफ्तर और दस्तावेजों की बारीकी से जांच शुरू की। कई फाइलें और कागजात खंगाले गए।
डायरी मिलने की चर्चा
सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान टीम को एक डायरी हाथ लगी है। बताया जा रहा है कि उसमें कई प्रशासनिक अधिकारियों और वर्तमान व रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों के नाम दर्ज हैं। हालांकि इस बारे में आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। विभाग कथित तौर पर वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
पार्टी में बढ़ी बेचैनी
इस कार्रवाई की खबर मिलते ही बसपा खेमे में हलचल तेज हो गई। प्रदेश में पार्टी के अकेले विधायक होने के कारण मामला और ज्यादा राजनीतिक चर्चा में आ गया है। पार्टी नेताओं की नजर अब आयकर विभाग के अगले कदम पर टिकी है।
बीमारी के बीच कार्रवाई
छापेमारी ऐसे समय हुई है, जब विधायक उमाशंकर सिंह कैंसर से जूझ रहे हैं। उनका दो बार ऑपरेशन हो चुका है। इसे लेकर समर्थकों में नाराजगी भी देखी जा रही है। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। आगे क्या निकलकर आता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के जवान पोते का निधन, कुल्लू-मनाली में अचानक बिगड़ी थी तबियत



