अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : खूंटी जिला परिषद के अध्यक्ष मसीह गुड़िया को रांची जिले की चुटिया थाना पुलिस ने शनिवार को उनके जिला परिषद स्थित चेंबर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी में खूंटी पुलिस ने रांची पुलिस की मदद की। खूंटी एसपी मनीष टोप्पो ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि गिरफ्तारी रांची पुलिस द्वारा की गई है। मसीह गुड़िया के खिलाफ रांची जिले के चुटिया थाना में एक महिला द्वारा गंभीर आरोपों के आधार पर केस दर्ज किया गया है। महिला पहले अपनी शिकायत लेकर खूंटी पुलिस के पास पहुंची थी, लेकिन मामला रांची से जुड़ा होने के कारण उसका आवेदन रांची एसएसपी को भेज दिया गया था। जांच के बाद चुटिया थाना में केस दर्ज किया गया।
क्या है आरोप
पीड़ित महिला ने अपने आवेदन में बताया है कि 7 फरवरी 2024 को उसकी शादी दिवड़ी मंदिर में मसीह गुड़िया से हुई थी और 23 अप्रैल 2024 को दोनों ने रांची रजिस्ट्री ऑफिस में विवाह पंजीकृत कराया था। आरोप है कि शादी के बाद भी मसीह गुड़िया उसे अपने घर नहीं ले गए और बार-बार टालते रहे।
महिला का आरोप है कि 6 जुलाई 2024 के बाद मसीह और उनके परिवार का व्यवहार बदल गया। उनकी ननद ने फोन पर धमकी दी कि वह रिश्ता तोड़ ले। महिला ने यह भी बताया कि 12 जुलाई को मसीह उससे मिलने रांची आए थे और बाद में अक्टूबर 2024 में 30 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उन्होंने बातचीत और मैसेज करना भी बंद कर दिया।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि शादी से पहले 23 जनवरी 2024 को मसीह गुड़िया ने गेतलसूद डैम के पास एक सुनसान जगह पर अपनी बोलेरो कार में जबरन शारीरिक शोषण किया था। बता दें कि कुछ दिन पहले जिला परिषद के सात सदस्यों ने मसीह गुड़िया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया था।
चुटिया थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने जानकारी दी कि आरोपी को खूंटी से गिरफ्तार कर रांची लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इसे भी पढ़ें : बंद सरकारी आवास में घुस कर रहे थे कांड, पुलिस पहुंची और फिर…



