अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : गैंग्स ऑफ वासेपुर फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री करने वाली और फिल्म महारानी में अपनी जबरदस्त एक्टिंग से लोगों के दिलों दिमाग पर अमिट छाप छोड़ने वाली मशहूर एक्ट्रेस हुमा कुरैशी आज बेहद दुखी है। उनके चचेरे भाई की हत्या कर दी गई है। उनका नाम आसिफ कुरैशी था। बीती रात घर के बाहर ही आसिफ को मौत के घाट उतार दिया गया। इल्ज़ाम है कि स्कूटी के पार्किंग को लेकर हुए छोटे से लफड़े में ये मर्डर किया गया। वारदात को बीती देर रात करीब 11 बजे दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में अंजाम दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे आसिफ कुरैशी काम से घर लौटे थे। इस दौरान स्कूटी को गेट से हटाकर साइड में पार्क करने को लेकर उनका पड़ोसियों से विवाद हो गया। मामूली बात पर शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धारदार हथियार से आसिफ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बेतरह जख्मी आसिफ को परिजनों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों में शोक
आसिफ की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने मीडिया को बताया कि एक छोटी सी बात पर आरोपियों ने उनके पति की बेरहमी से हत्या कर दी। परिजनों ने निजामुद्दीन थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिये स्पष्ट निर्देश… जानें क्या

