अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 53 रन से हराकर आईसीसी महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। लगातार तीन हार के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी की है। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड से हार झेलनी पड़ी थी। भारत से पहले ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके थे। यह भारत का पांचवां मौका है जब टीम सेमीफाइनल में पहुंची है। अब भारत अपना आखिरी लीग मैच 26 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा।
न्यूजीलैंड की पारी धराशायी
325 रन के संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 271 रन ही बना सकी। कीवी टीम की ओर से ब्रूक हॉलीडे ने 81 और इसाबेला गेज ने अर्धशतक जमाया। भारत की ओर से रेणुका सिंह ठाकुर ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके।
मंधाना और प्रतिका की रिकॉर्ड साझेदारी
भारत की जीत की सबसे बड़ी हीरो रहीं स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल। दोनों ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 212 रन की साझेदारी की। मंधाना ने 109 रन और प्रतिका ने 122 रन बनाए। इनके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 76 रन की नाबाद ताबड़तोड़ पारी खेली। बारिश के कारण मैच 49 ओवर का कर दिया गया था।
प्रतिका का पहला विश्व कप शतक
प्रतिका रावल ने इस मैच में अपना पहला विश्व कप शतक लगाया। उन्होंने मंधाना के साथ 212 रन और रोड्रिग्स के साथ 76 रन की साझेदारी की। पिछले मैच में बाहर रहने के बाद रोड्रिग्स को इस मैच में मौका मिला, और उन्होंने 39 गेंदों पर टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा।
मंधाना का तीसरा विश्व कप शतक
स्मृति मंधाना ने शानदार फॉर्म में रहते हुए 95 गेंदों पर 109 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। यह उनका तीसरा विश्व कप शतक था और इस कैलेंडर वर्ष का पांचवां शतक भी। वह अब मेग लैनिंग के 15 शतकों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गई हैं।
भारत की सबसे बड़ी साझेदारी
विश्व कप इतिहास में यह भारत की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही। मंधाना और रावल ने न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को पूरी तरह हिला दिया। रावल ने 134 गेंदों में 122 रन बनाए जिसमें 13 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनका विकेट 43वें ओवर में गिरा। इसके बाद रोड्रिग्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर पारी को 340 तक पहुंचाया।
इसे भी पढ़ें : रांची SAAF Championship के लिए तैयार, कौन सा गेट किसके लिए… जानें ट्रैफिक गाइडलाइन

