अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में 24 से 26 अक्टूबर 2025 तक 4th SAAF Senior Athletic Championships, 2025 का आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में होने जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले एथलीटों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए राँची जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान लागू किया है।
एथलीट और टेक्निकल स्टाफ के लिए विशेष व्यवस्था
एथलीट और टेक्निकल ऑफिसर के वाहन मोरहाबादी टीओपी और बापू वाटिका के बीच स्थित ड्रॉपगेट से गुजरेंगे। वे गांधी मूर्ति पार्क के पहले बाएं मुड़कर मोरहाबादी मैदान पहुंचेंगे। यहां वे एथलीट गैदरिंग पवेलियन के सामने गाड़ी पार्क करेंगे और गेट नंबर 24 से स्टेडियम में प्रवेश करेंगे।
VIP और VVIP के लिए अलग मार्ग
वीआईपी पासधारी वाहनों को गाँधी मूर्ति पार्क के बाद बाएँ मुड़कर पार्किंग की सुविधा मिलेगी। वीआईपी अतिथि गेट नंबर 28 से स्टेडियम में प्रवेश करेंगे। वहीं, वीवीआईपी मेहमानों के लिए गेट नंबर 01 तय किया गया है और उनकी पार्किंग गेट नंबर 01 के सामने होगी।
स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बस और पैदल व्यवस्था
स्थानीय खिलाड़ियों को मोरहाबादी मैदान के पुराने स्टेज के पास उतारा जाएगा। इसके बाद बसें रांची कॉलेज फुटबॉल मैदान में पार्क होंगी। खिलाड़ी पैदल चलते हुए वीआईपी पार्किंग एरिया से गुजरते हुए गेट नंबर 29 से प्रवेश करेंगे।
मीडिया प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित स्थान
मीडिया कर्मियों की गाड़ियां होटल पार्क प्राइम के बगल और मान्या पैलेस के सामने पार्क की जाएंगी। मीडिया पासधारी प्रतिनिधि गेट नंबर 13 से प्रवेश कर विंग A, लोअर टीयर मीडिया एरिया में जा सकेंगे।
दर्शकों के लिए कई पार्किंग स्थल
दर्शकों के लिए प्रशासन ने तीन मुख्य स्थान तय किए हैं…
- पुराने स्टेज के पास मोरहाबादी मैदान
- ऑक्सीजन पार्क के सामने मैदान
- टी.आर.आई. के सामने का मैदान
यहां से दर्शक पैदल चलते हुए गेट नंबर 18, 19, 20 और 21 से (ब्लॉक F और G की ओर) या गेट नंबर 10 और 12 से (ब्लॉक A की ओर) स्टेडियम में प्रवेश कर सकते हैं।
सड़क पर पैदल और वाहनों का अलग रास्ता
स्टेडियम के चारों ओर की सड़क को डिवाइडर से दो हिस्सों में बांटा गया है। स्टेडियम की ओर वाली सड़क से सिर्फ पैदल दर्शक जा सकेंगे, जबकि दूसरी ओर की सड़क पर दोनों तरफ वाहनों का परिचालन होगा।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों और दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का सम्मान करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसे भी पढ़ें : खूबसूरत लड़कियों के जरिये हथियार मंगवाता था गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान, SP खोल गये चौंकाने वाला राज

