अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan, Bhurkunda) : रामगढ़ जिले में अवैध खनन को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। भोरे-भोर की गई अचानक जांच में खनन विभाग की टीम ने बिना वैध चालान के स्टोन चिप्स ले जा रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। दोनों गोड़ियों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया और मालिक-चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है।
सुबह 6 बजे सुभाष चौक पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को भोर के करीब 6 बजे खान निरीक्षक की टीम मुख्य मार्ग पर सुभाष चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बस स्टैंड की ओर से आ रहे दो ट्रैक्टरों को रोककर कागजात मांगे गए। पहला ट्रैक्टर Mahindra B275 DI था, जिसमें करीब 100 क्यूबिक फीट स्टोन चिप्स लदा हुआ था। दूसरे ट्रैक्टर Mahindra 265 DI पर भी लगभग उतनी ही मात्रा में चिप्स पाया गया। लेकिन जब टीम ने खनिज परिवहन से जुड़ा चालान मांगा तो कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखाया जा सका।
कागज नहीं, तो गाड़ी जब्त
चालान नहीं मिलने पर खनन विभाग ने दोनों ट्रैक्टरों को स्टोन चिप्स समेत जब्त कर लिया। मौके पर ही आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। विभाग का कहना है कि बिना चालान खनिज का परिवहन सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है और इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
वाहन मालिक, चालक और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, 2004 (संशोधित) के नियम 54 और झारखंड मिनरल्स (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियम, 2017 के संबंधित प्रावधानों के तहत रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रशासन का साफ संदेश
डीसी फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिले में अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि चाहे अवैध खनन हो या बिना चालान परिवहन, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जिले में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि अब बिना कागज के खनिज ढोना आसान नहीं रहेगा।
इसे भी पढ़ें : मां और भाई के नाजायज रिश्ते का खौफनाक अंजाम… जानें

