अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में तेज रफ्तार गाड़ियों का खतरा एक बार फिर सामने आ गया है। गुरुवार को कोकर इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने टोटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पूरा इलाका दहल उठा। बताया जा रहा है कि हादसे में टोटो सवार एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी स्पीड में थी। लोगों ने बताया कि कार सीधे टोटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो सड़क पर पलट गया और उसमें बैठे लोग दूर जा गिरे। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक अगर कार की रफ्तार कम होती तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता।
डिवाइडर से टकराई कार
टोटो को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित हो गई। चालक गाड़ी पर काबू नहीं रख सका और कार सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी को सदर अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है। कुछ की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह साफ हो सके कि हादसे की असली वजह क्या थी। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : मां और भाई के नाजायज रिश्ते का खौफनाक अंजाम… जानें

