अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : अफगानिस्तान में पिछले 24 घंटों में धरती पांच बार कांप उठी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शुक्रवार सुबह 7:46 बजे 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। इससे पहले 5.2 तीव्रता का झटका लगा। गुरुवार देर रात 3:16 बजे 4.9 और 11:58 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ। इसके अलावा, रात 11:53 बजे 5.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र काबुल से 133 किमी दूर और 160 किमी गहराई में था।
लगातार भूकंप से हड़कंप
NCS ने बताया कि गुरुवार को दिन में 4.8 तीव्रता का भूकंप 135 किमी की गहराई में आया। बुधवार देर रात 10 किमी गहराई में आए भूकंप ने आफ्टरशॉक का खतरा बढ़ा दिया। 31 अगस्त को आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने कुनार और नंगरहार प्रांतों में भारी तबाही मचाई, जिसमें 2,205 से ज्यादा लोग मारे गए और 3,000 से अधिक घायल हुए।
अंतरराष्ट्रीय मदद शुरू
विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने कुनार और नंगरहार में खाद्य सामग्री और उच्च-ऊर्जा बिस्कुट जैसी आपातकालीन सहायता भेजी है। भारत ने भी 21 टन राहत सामग्री भेजी, जिसमें कंबल, टेंट, दवाइयां, व्हीलचेयर, और जल शोधन सामग्री शामिल हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि यह सहायता हवाई मार्ग से काबुल पहुंच चुकी है।
बचाव कार्य में चुनौतियां
लगातार भूकंपों से हजारों लोग बेघर हो गए हैं। पहाड़ी इलाकों में अवरुद्ध सड़कों के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। तालिबान प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय संगठन राहत कार्य में जुटे हैं।
इसे भी पढ़ें : अब सप्ताह के इस रोज नहीं बजा सकेंगे गाड़ी का हॉर्न… जानें क्यों

