अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vaishali : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने वैशाली में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष हर बार वोटर लिस्ट को लेकर सवाल खड़ा करता है। “जब वोटर लिस्ट में गड़बड़ी होती है तो आरोप लगाते हैं और जब उसमें सुधार किया जाता है, तब भी सवाल उठाते हैं। विपक्ष का ये रवैया ‘चीत भी मेरी और पट भी मेरी’ जैसा है, जो कभी सही नहीं हो सकता,” चिराग ने तंज कसा।
विपक्ष की भाषा पर सवाल
चिराग पासवान ने विपक्षी नेताओं की भाषा पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “आप प्रधानमंत्री से असहमत हो सकते हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति कहती है कि उम्र में बड़े व्यक्ति से मर्यादा के साथ बात करनी चाहिए। हम बच्चों से भी ‘आप’ कहकर बात करते हैं। नेताओं को अपनी भाषा पर संयम रखना चाहिए ताकि कार्यकर्ताओं को गलत संदेश न मिले।”
भीड़ पर दावे और विपक्ष पर कटाक्ष
सभा में जुटी भीड़ को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए चिराग ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए की सभाओं में लोगों को बुलाने की जरूरत नहीं होती। जनता खुद आकर अपना समर्थन देती है। बिहार की जनता ने मन बना लिया है, यह हालिया उपचुनावों और आज की सभा की भीड़ से साफ है।”
नीतीश कुमार पर भरोसा
मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर चिराग पासवान ने कहा, “बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है। मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही एनडीए आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगा। हमारा पांच दलों का गठबंधन पूरी मजबूती से मैदान में है और महागठबंधन के लिए यह चुनाव आसान नहीं होगा।”
सभा में मौजूद लोगों ने चिराग पासवान के भाषण के दौरान जमकर नारे लगाए और तालियों से उनका स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें : ‘महापर्व’ के तुरंत बाद हो सकता है बिहार में इलेक्शन!… जानें

