अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Motihari : मोतिहारी पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्राॅड गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान गिरोह के मास्टर माइंड परवेज अंसारी के तुकौलिया थाना क्षेत्र के टिकैता स्थित घर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी में पुलिस को चौंकाने वाली बरामदगी हुई। परवेज अंसारी के घर से करीब 10 लाख जीमेल अकाउंट और पासवर्ड का डेटा, नकद 30 हजार रुपये, 28 एंड्रॉइड मोबाइल, 2 मोबाइल कीपैड, 7 मॉनिटर, 7 सीपीयू, 5 यूपीएस, 10 मदरबोर्ड कवर, 35 मोबाइल कवर, 182 ब्लैंक स्मार्ट कार्ड, 32 एटीएम कार्ड, 5 आरसी, मैक्सिको का एक ड्राइविंग लाइसेंस, 3 पेन ड्राइव, 2 सिम कार्ड, 1 ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट स्कैनर, 1 पासपोर्ट और नेपाली नागरिक का कागजात बरामद किया गया।
इसके अलावा पुलिस को 3 डायरी, 1 एयरटेल वाईफाई डिवाइस, 11 पासबुक, 18 चेकबुक, एक स्कॉर्पियो (नंबर BR05BB0786) और कई अन्य संदिग्ध सामान भी मिले। बरामदगी में दो नेपाली नागरिकों का कनेक्शन भी सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि सभी सामानों की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच विशेषज्ञों की मदद से शुरू कर दी गई है। साथ ही एक नेपाली नागरिक रवि यादव और अन्य अज्ञात आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : बिहार की महिलाओं के सपनों को पंख लगा गये PM मोदी… जानें कैसे

