अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले की गोला पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने और उसकी सप्लाई के बड़े मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने सोमवार को गांव में घेराबंदी कर 26 साल के बाजुन मांझी और 50 साल के जीवन मांझी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों आरोपी ऊपर खखरा गांव के पत्थलगढ़ा टोला के रहने वाले हैं और करीब चार महीने से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे।
घर आते ही पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी
एसपी मुकेश लुनायत को सोमवार सुबह खुफिया सूचना मिली थी कि महीनों से फरार चल रहे दोनों आरोपी चुपके से अपने घर लौटे हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने एसडीपीओ आलोक रंजन की अगुवाई में एक विशेष टीम तैयार की। पुलिस टीम ने बिना देर किए गांव पहुंचकर आरोपियों के घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। थाने लाकर पूछताछ करने के बाद पुलिस ने दोनों को सीधे जेल भेज दिया।

मई में घर के भीतर पकड़ी गई थी नकली शराब की फैक्ट्री
यह पूरा मामला 10 मई का है, जब गोला पुलिस ने इन्हीं दोनों आरोपियों के घर पर दबिश दी थी। उस वक्त घर के भीतर मिनी शराब फैक्ट्री चलती मिली थी। वहां से भारी मात्रा में मिलावटी अंग्रेजी शराब, स्पिरिट, नामी कंपनियों के नकली रैपर, खाली बोतलें, ढक्कन और शराब तैयार करने वाली मशीनें बरामद हुई थीं। उस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से मनोज मुर्मू और भदरू सिंह को जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य धंधेबाज बिनोद साव को बीते 12 सितंबर को बोकारो से रिमांड पर लिया गया था। उस वक्त बाजुन और जीवन भाग निकले थे, जिन्हें अब पकड़ लिया गया है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ के साथ गोला इंस्पेक्टर पंकज कुमार, थानेदार अभिषेक कुमार समेत पैंथर मोबाइल और जिला बल के जवान शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें : दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला वासेपुर, डॉन का भाई जख्मी

