अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले मुंगेर के हवेली खड़गपुर की सड़कों पर हर तरफ तिरंगा नजर आ रहा था। किसी के हाथ में छोटा झंडा था तो कोई बड़ा तिरंगा लेकर चल रहा था। बच्चे पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे और उनके साथ बड़े भी कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। बीच-बीच में ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते तो माहौल में देशभक्ति का जोश और बढ़ जाता। मौका था हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा का। सीएम सम्राट चौधरी की अगुवाई में अम्बेदकर चौक से पटेल चौक तक निकली इस यात्रा में मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की आवाज और राष्ट्रभक्ति की धुन के बीच यात्रा आगे बढ़ती रही।

जहां नजर गई, वहां दिखा तिरंगा ही तिरंगा
हवेली खड़गपुर में तिरंगा यात्रा शुरू हुई तो धीरे-धीरे लोगों का कारवां बढ़ता गया। बच्चों के हाथों में तिरंगा था और चेहरे पर आजादी के पर्व को लेकर उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोग भी यात्रा का हिस्सा बनते गए। रास्ते में खड़े लोगों ने भी तिरंगे को सलामी दी और देशभक्ति के नारों में अपनी आवाज मिलाई।
यात्रा में शामिल लोगों के लिए यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वतंत्रता दिवस से पहले देश के प्रति अपने सम्मान को जाहिर करने का मौका भी था। तिरंगा हाथ में लेकर चल रहे लोगों के चेहरों पर गर्व दिखाई दे रहा था। ‘भारत माता की जय’ और दूसरे देशभक्ति के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा।
सीएम सम्राट चौधरी ने भी लोगों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का मकसद लोगों को देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं और पूरे उत्साह के साथ इसमें शामिल हों।

तीन महापुरुषों को नमन, फिर आगे बढ़ा तिरंगे का कारवां
तिरंगा यात्रा के दौरान सीएम ने उन महापुरुषों को भी याद किया, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। नन्दलाल बसु चौक पर उन्होंने महान कलाकार स्वर्गीय नन्दलाल बसु की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद यात्रा अम्बेदकर चौक पहुंची। यहां सीएम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाबा साहेब को नमन करने के बाद तिरंगा यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा का अंतिम पड़ाव पटेल चौक रहा, जहां मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इन तीनों स्थानों पर लोगों की मौजूदगी और उत्साह देखने लायक था। तिरंगा यात्रा के दौरान देश की आजादी, संविधान और राष्ट्रीय एकता से जुड़े इन महान व्यक्तित्वों को याद किया गया।

मंत्री से लेकर स्कूली बच्चों तक, सब एक साथ चले
इस यात्रा में राजनीतिक और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा स्कूली बच्चों ने बड़ी संख्या इसमें हिस्सा लिया। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी लोगों के साथ चलते नजर आए।
गन्ना उद्योग सह मुंगेर जिला के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, विधायक नचिकेता, विधायक कुमार प्रणय और विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद समेत कई वरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अम्बेदकर चौक से पटेल चौक तक दिखा देशभक्ति का रंग
तिरंगा यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, माहौल और उत्साहपूर्ण होता गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, देशभक्ति के गीत और भारत माता के जयकारों के बीच लोग आगे बढ़ते रहे। सड़क के दोनों तरफ मौजूद लोगों ने भी यात्रा को उत्सुकता से देखा।
अम्बेदकर चौक से पटेल चौक तक निकली इस यात्रा ने हवेली खड़गपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल बना दिया। किसी के लिए हाथ में लहराता तिरंगा आजादी की याद था, तो किसी के लिए देश की एकता और अखंडता का संदेश। लेकिन इस यात्रा में शामिल लोगों की भावना एक ही थी, देश के तिरंगे के प्रति सम्मान और गर्व।
हर घर तिरंगा अभियान के जरिए सीएम ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने और देश के प्रति सम्मान जताने की अपील की। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हवेली खड़गपुर की सड़कों पर निकला यह तिरंगा यात्रा का कारवां देर तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट का बड़ा ऐलान : पटना में बनेगा वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, 4 हजार करोड़ के निवेश की तैयारी










