अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : सात फेरे लेकर, अग्नी को साक्षी मानकर जिस शख्स का हाथ थामा था, उसी पति को ठिकाने लगा दिया। बेवफा बीवी ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने में बीवी के आशिक ने पूरा साथ दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने का तरीका सीखा था। दिल दहलाने वाली यह घटना हरियाणा के गुरुग्राम स्थित उद्योग विहार थाना क्षेत्र से सामने आयी है। मृतक की शिनाख्त विक्रम के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने विक्रम की पत्नी सोनी देवी (35 वर्ष) और गड्ढा खोदने वाले संतरपाल (60 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटी ने देख लिया था रविंद्र और सोनी का अश्लील वीडियो
पुलिस जांच में सामने आया कि सोनी देवी और रविंद्र नामक युवक के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध थे। इस दौरान रविंद्र ने सोनी के साथ अश्लील वीडियो भी बना लिया था। एक दिन सोनी की बेटी ने खेलते समय रविंद्र के मोबाइल में यह वीडियो देख लिया और अपने पिता विक्रम को इसकी जानकारी दे दी। इसका पता चलते ही सोनी और रविंद्र ने मिलकर विक्रम की हत्या की साजिश रच डाली। उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर गला घोंटने, शव छिपाने और अपराध से बचने के तरीके सीखे।
आशिक रविंद्र ने साथियों संग घोंटा था विक्रम का गला
26 जुलाई को रविंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाना लगाने के लिए उसने संतरपाल से संपर्क किया। गुरुग्राम के मोहम्मदपुर गांव संतरपाल को रविंद्र चाचा बोलता है। वह मवेशियों की देखरेख का काम करता है। रविंद्र ने संतरपाल को बताया कि वह हत्या करके शव लेकर आएगा और उसे दफनाने के लिए गड्ढा खोदने को कहा। योजना के तहत संतरपाल ने गड्ढा खोदा और विक्रम का शव उसमें दफना दिया। हत्या के समय सोनी देवी लगातार मोबाइल पर रविंद्र से संपर्क में थी।
आशिक के खिलाफ भी कर दिया रेप का केस
हत्या के दो दिन बाद, 28 जुलाई को सोनी देवी ने पुलिस में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जबकि वह जानती थी कि उसका पति मारा जा चुका है। जब पुलिस को शक होने लगा, तो खुद को बचाने के लिए सोनी ने अपने प्रेमी रविंद्र पर दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज करवा दिया।
मुख्य आरोपी रविंद्र को खोज रही पुलिस
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि संदेही गुनहगार सोनी देवी को जेल भेज दिया गया है, जबकि संतरपाल को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ में जुटी है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी रविंद्र और उसके अन्य साथियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : खतरनाक बीवी… पहले पति को दमभर कूटा, फिर फंदे पर लटका दिया



