अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : कुख्यात क्रिमिनल राहुल दुबे गैंग के दो गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों गुर्गों को पलामू पुलिस ने चुकरू इलाके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से जा रहे थे। गिरफ्तार अपराधियों के नाम राकेश कुमार (24 वर्ष) और रजनीकांत मेहता (22 वर्ष) बताये गये। दोनों को सदर मेदिनीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद दोनों की मेडिकल जांच एमएमसीएच में कराई गई और फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पलामू पुलिस कप्तान रिष्मा रमेशन को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सतबरवा क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना से एक विशेष टीम का गठन किया गया और टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीम ने हाइवे टोल प्लाजा (चुकरू) के पास निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे राहुल दुबे गैंग के सदस्य हैं और उसके निर्देश पर चियांकी से पोलपोल के बीच हाईवे निर्माण साइट पर फायरिंग करने जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। बाइक चोरी की बताई जा रही है। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है और राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
इसे भी पढ़ेंं : खतरनाक बीवी… पहले पति को दमभर कूटा, फिर फंदे पर लटका दिया

