अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के मौसम ने इन दिनों लोगों को सिर पकड़ने पर मजबूर कर दिया है। कभी सुबह हल्की ठंड और कोहरा, तो कभी दोपहर में तेज धूप-लोग समझ ही नहीं पा रहे कि स्वेटर पहनें या हल्के कपड़ों में बाहर निकलें। जहां पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का मज़ा जारी है, वहीं मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का मिश्रित असर दिख रहा है।
राजधानी रांची में सुबह धुंध, दोपहर में धूप
रांची की सुबह थोड़ी ठंडी और धुंधली रही, जिससे लोगों को हल्की सिहरन महसूस हुई। लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ा, धूप खिल गई और मौसम सुहावना हो गया। सुबह टहलने निकलने वाले लोग हल्की जैकेट पहन रहे थे, वहीं दोपहर में वही जैकेट बोझ लगने लगी। लोगों का कहना है, “सुबह ठंड लग रही थी, अब दोपहर में धूप निकली है, समझ ही नहीं आ रहा क्या पहनें।” यही हाल पूरे राज्य के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज रांची में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवाएं हल्की से मध्यम गति से चल रही हैं। बारिश के आसार फिलहाल कम हैं, यानी मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा। दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ता है, जबकि सुबह और रात में ठंडी हवाएं लोगों को अभी भी सिहरन महसूस कराती हैं।
ठंडी हवाओं का असर अभी भी बरकरार
झारखंड में ठंडी हवाओं का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। खासकर सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होती है। ग्रामीण इलाकों में धुंध भी देखने को मिल रही है। हालांकि दिन में धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है और ठंड का असर कम होता दिख रहा है।
फरवरी के अंत तक बदल सकता है मौसम
IMD के अनुसार फरवरी के आखिर तक मौसम का पैटर्न बदल सकता है। संकेत मिल रहे हैं कि इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है। अगर ऐसा हुआ, तो आने वाले दिनों में तापमान और ऊपर जा सकता है। इसलिए लोगों को अब से ही दिन और रात के मौसम के अनुसार कपड़े चुनने में सावधानी बरतनी पड़ेगी।
इसे भी पढ़ें : सनातन संस्कृति की हुंकार : पाकुड़ में बुलंद हुई हिंदू एकता की आवाज



