अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रांची समेत पूरे सूबे में शीतलहर के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी फिलहाल ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 29 दिसंबर को न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है, जबकि 30 दिसंबर के बाद तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा। राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिला। कांके और कोल्हान क्षेत्र में तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया।
मैक्लुस्कीगंज में ठंड ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो दशकों में सबसे कम है। रांची में भी रविवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 13 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं। खासकर सुबह की फ्लाइट्स ज्यादा प्रभावित रहीं। मौसम साफ होने पर स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।
इसे भी पढ़ें : रांची में महिला हॉकी लीग का धमाकेदार आगाज, कौन जीता… जानें

