अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना नगर निगम की एक साधारण बैठक शुक्रवार को हंगामे की भेंट चढ़ गई। मेयर सीता साहू द्वारा लाए गए एक प्रस्ताव को लेकर सदन में जबरदस्त विवाद हो गया। आपसी सहमति नहीं बनने के कारण माहौल गर्मा गया और मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। बैठक के दौरान मेयर गुट और विरोधी गुट के पार्षदों में तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते पार्षद एक-दूसरे से उलझ पड़े और एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ डाले। स्थिति बेकाबू होते देख विरोधी गुट के पार्षदों ने बैठक से वॉकआउट कर दिया और निगम आयुक्त अनिमेष पाराशर समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक का बहिष्कार कर दिया।
हंगामे की वजह एक ऐसा प्रस्ताव था, जिसे मेयर गुट द्वारा जल्दी पास कराने की कोशिश की जा रही थी। निगम आयुक्त अनिमेष पाराशर ने प्रस्ताव को नियम विरुद्ध बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि एजेंडे को बिना नियमानुसार प्रक्रिया अपनाए पेश किया गया, जबकि नियमों के तहत पहले चर्चा होती है, फिर प्रस्ताव लाया जाता है। विरोधी पार्षदों का आरोप है कि जिस एजेंसी को काम देने की बात हो रही थी, उस पर पहले से ही भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इसी को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
मेयर सीता साहू ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वह 2017 से पद पर हैं, लेकिन आज तक ऐसी स्थिति नहीं बनी थी। उन्होंने कहा कि कुछ पार्षद बैठक में अव्यवस्था फैलाकर काम में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद दो पार्षदों को बैठक से निलंबित कर दिया गया। बैठक में मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर रश्मि चंद्रवंशी, निगम आयुक्त अनिमेष पाराशर और अन्य कई पार्षद मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : रांची नगर निगम ने 14 दुकानों को थमाया नोटिस… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : रूफटॉप रेस्टोरेंट मामला : HC ने निरस्त किया रांची नगर निगम का आदेश



