अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Godda : गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में स्थित ईसीएल परियोजना में दहशत फैलाने के लिए की गई फायरिंग और आगजनी की वारदात में शामिल दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. आरिफ और मो. इम्तियाज अंसारी शामिल हैं। दोनों आरोपी ललमटिया थाना क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
मशीन पर की गई थी फायरिंग और आगजनी
एसडीपीओ ने मंगलवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 27 जनवरी को ललघुटवा डंप साइट पर ईसीएल परियोजना में खड़ी एक मशीन डोजर को निशाना बनाकर दो अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी और उसके बाद आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना का मकसद इलाके में दहशत फैलाना था।
ललमटिया थाना में दर्ज हुआ था मामला
घटना के बाद ललमटिया थाना में कांड संख्या 94/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक ने महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया था।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
एसआईटी टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
हथियार और वाहन बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो देशी कट्टा, एक खोखा, घटनास्थल से गोली का पिलेट, दो मोबाइल फोन और बिना नंबर की एक पल्सर बाइक बरामद की है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने आदिवासी छात्रा सविता कच्छप को दी बधाई… जानें क्यों



