अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा के टेबो थाना की पुलिस ने डोडा के धंधेबाजों को तीखी चोट दी है। आज यानी बुधवार की सुबह थानेदार विक्रांत मुंडा और उनकी टीम मुख्य सड़क पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। सुबह से ही वाहनों की जांच हो रही थी। इसी बीच बंदगांव की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। बाइक सवार युवकों के पास से डेढ़ लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक बैग बरामद हुआ। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों युवक घबरा गए और सच उगल दिया। उन्होंने बताया कि यह रकम डोडा खरीदने के लिए व्यापारी से ली गई थी।
दोनों की पहचान जोहन पूर्ती और मार्टिन सोय के रूप में हुई। दोनों जो सरायकेला-खरसावां जिले के कुचई थाना क्षेत्र के जोम्बरों गांव के रहने वाले हैं। खास बात यह है कि ये दोनों युवक पहले भी डोडा तस्करी में पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और एनडीपीएस एक्ट के तहत टेबो थाना में मामला दर्ज किया। फिलहाल आरोपितों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इनके पीछे और भी लोग जुड़े हुए हैं और जल्द ही इस गुट का पूरा नेटवर्क सामने आएगा।
इसे भी पढ़ें : राजधानी से ISIS का आतंकी धराया, 200 अफसरों और जवानों ने चलाया ऑपरेशन… देखें वीडियो



