अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dumka : झारखंड की उपराजधानी दुमका में मंगलवार की सुबह अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। शहर के हाई-प्रोफाइल इलाके में डीआईजी ऑफिस के पास अज्ञात बदमाशों ने बस स्टैंड एजेंट सह अखबार एजेंट अरुण सिंह को गोली मार दी।
घात लगाकर किया हमला
बताया जा रहा है कि अरुण सिंह जैसे ही डीआईजी आवास के पास से गुजर रहे थे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वे वहीं गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
हालत गंभीर, दुर्गापुर रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल अरुण सिंह को दुमका सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मिशन अस्पताल, दुर्गापुर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
तीसरी बार निशाना, साजिश की बू
चौंकाने वाली बात यह है कि अरुण सिंह पर यह तीसरा जानलेवा हमला है। इससे पहले भी दो बार उन पर हमला हो चुका है, जिनमें एक बार उन्हें गोली लगी थी। बार-बार एक ही व्यक्ति पर हमला होना आपसी दुश्मनी या किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई का दावा किया जा रहा है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
डीआईजी ऑफिस जैसे संवेदनशील इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : एयर एम्बुलेंस का पलामू/गढ़वा में टूटा था सिग्नल, फिर चतरा में हुआ क्रैश, किस-किस की गई जान… देखें



