अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : एक सड़क हादसे ने पल भर में एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया उजाड़ दी। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित महावीर नगर निवासी आलोक अब इस दुनिया में नहीं रहे। दलादली के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे छूट गईं बीमार मां, बेबस पिता, रोती-बिलखती पत्नी और वह मासूम बेटा, जिसे शायद अभी यह भी समझ नहीं कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-चीत्कार मोहल्ला दहल उठा।। पड़ोसी और रिश्तेदार दौड़कर घर पहुंचे, लेकिन किसी के पास इस दर्द का कोई जवाब नहीं था। हर किसी की आंखें नम थीं और जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल था कि आखिर इतनी कम उम्र में यह सब कैसे हो गया।

परिवार का इकलौता सहारा था आलोक
आलोक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। माता-पिता का इकलौता बेटा होने के कारण वह परिवार की हर छोटी-बड़ी जरूरत का ख्याल रखता था। नौकरी के साथ-साथ वह अपनी बीमार मां के इलाज की भी पूरी जिम्मेदारी निभा रहा था। परिजनों का कहना है कि आलोक मेहनती और मिलनसार स्वभाव का था। वह हमेशा परिवार को खुश रखने की कोशिश करता था। किसी ने नहीं सोचा था कि घर से काम पर निकला आलोक फिर कभी वापस नहीं लौटेगा।
इकलौते बेटे के जाने से टूट गया परिवार
आलोक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। प्राइवेट नौकरी कर वह पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। घर का खर्च चलाने से लेकर मां के इलाज तक, हर चिंता उसी की थी। परिवार को भरोसा था कि आलोक है तो सब संभल जाएगा, लेकिन एक सड़क हादसे ने वह भरोसा भी छीन लिया।
मां की दवा लाने वाला बेटा अब कभी नहीं लौटेगा
परिजनों के मुताबिक आलोक की मां कुछ समय से बीमार चल रहीं हैं। कुछ रोज पहले ही अस्पताल से लौटी थी। बेटे के सहारे ही उनका इलाज चल रहा था और देखभाल हो रही थी। अब वही बेटा हमेशा के लिए साथ छोड़ गया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां की तबीयत बिगड़ गई। रिश्तेदार और पड़ोसी उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन मां की आंखें दरवाजे पर ही टिकी रहीं।

पत्नी और मासूम बेटे के सामने जिंदगी की बड़ी चुनौती
आलोक शादीशुदा था। उसका एक छोटा बेटा है। परिवार की सारी जिम्मेदारी आलोक के कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत के बाद पत्नी और बेटे के सामने भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। मोहल्ले के लोग भी यही कह रहे हैं कि यह सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी बदल देने वाली घटना है।

रिम्स में रखा गया है शव
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फिलहाल आलोक का शव रिम्स में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : विदेश की धरती पर किशोर गुजराती को मा’री गो’ली, गैंगस्टर राहुल मीणा के नाम का पोस्ट वायरल

