अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कोल्हान प्रमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम दो सत्रों में चला और इसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के कार्यकर्ता और चयनित सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना और उपभोक्ता जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था।
केंद्रीय मंत्री ने किया मार्गदर्शन
बैठक के मुख्य अतिथि केंद्रीय संगठन मंत्री दिनकर सबनीस ने कहा कि आज की अर्थव्यवस्था का केंद्र उपभोक्ता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन ठगी और भ्रामक विज्ञापन से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए मोबाइल ऐप LCH के माध्यम से शिकायत दर्ज कराना अब बेहद आसान है। इसके अलावा, 1915 हेल्पलाइन, व्हाट्सएप नंबर 8800001915 और टोल-फ्री नंबर 1800-11-4000 के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है। श्री सबनीस ने बोतलबंद पानी, रासायनिक खेती और OTT प्लेटफ़ॉर्म पर सेना को बदनाम करने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी से सतर्क रहने का अनुरोध किया।

संगठन और कार्य योजना पर चर्चा
क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री शिवाजी क्रांति ने महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए संगठन के सदस्यों को अनुशासन, समय पालन और जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। बैठक में आगामी महीनों की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई और संगठन के सदस्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सांस्कृतिक और स्वागत समारोह
बैठक का संचालन संगठन मंत्री वी. प्रभु ने किया। अतिथियों का परिचय डॉ. अनीता शर्मा ने कराया, जबकि स्वागत प्रांत अध्यक्ष श्रीमती कल्याणी कबीर ने किया। इस अवसर पर संगठन मंत्र, शांति मंत्र और ग्राहक जागरूकता गीत की प्रस्तुति भी हुई, जिसने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
इसे भी पढ़ें : धर्मगुरुओं ने भरी हुंकार, बाल विवाह खत्म करने का लिया ऐतिहासिक संकल्प

