अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारतीय रेलवे द्वारा गया कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है। इस काम का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और स्टेशन की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
रेल प्रशासन ने बताया कि इस निर्माण कार्य के लिए धनबाद गया डीडीयू रेल मार्ग पर दोपहर के बाद ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा।
13 फरवरी से 15 दिनों तक ट्रेनों के संचालन पर असर
रेलवे के अनुसार 13 फरवरी से अगले 15 दिनों तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलेंगी और कुछ ट्रेनों का आंशिक संचालन किया जाएगा।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
आनंद विहार से रांची जाने वाली झारखंड एक्सप्रेस में देरी
आनंद विहार से रांची जाने वाली झारखंड एक्सप्रेस 16 फरवरी को 135 मिनट और 19 फरवरी को 120 मिनट की देरी से आनंद विहार से रवाना होगी।
कोडरमा दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का बदला समय
कोडरमा दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 21 फरवरी से 25 फरवरी तक 105 से 120 मिनट की देरी से कोडरमा स्टेशन से खुलेगी।
गया हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस भी होगी लेट
गया हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस 21 फरवरी को 90 मिनट, 22 फरवरी को 70 मिनट और 23 फरवरी को 90 मिनट की देरी से गया स्टेशन से प्रस्थान करेगी।
रांची एक्सप्रेस और पटना टाटा वंदे भारत का अपडेट
रांची एक्सप्रेस 21 फरवरी को आरा स्टेशन से 130 मिनट देरी से चलेगी।
वहीं पटना टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस 23 फरवरी को 75 मिनट की देरी से पटना जंक्शन से रवाना होगी।
वैशाली कोडरमा मेमू ट्रेन का आंशिक संचालन
वैशाली कोडरमा वैशाली मेमू ट्रेन 22 फरवरी को केवल वैशाली से गया के बीच ही चलाई जाएगी। गया से आगे का संचालन इस दिन नहीं होगा।
रेलवे ने यात्रियों को दी जरूरी सलाह
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय ट्रेन का समय और रनिंग स्टेटस पहले जरूर जांच लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
इसे भी पढ़ें : रांची में स्कॉर्पियो ने मचाया हाहाकार, पुलिस की गोलियों से थमा तांडव



